top of page

यूपी में रिटायर्ड ARTO के घर विजिलेंस का छापा, मिला 'काला खजाना'

लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
Jantantra Live
8 जुल॰
2 मिनट पठन

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारा. टीम ने दो दिन तक चली इस कार्रवाई के दौरान 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, हीरे और सोने-चांदी के आभूषण मिलने का दावा किया है. बरामद की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच के दौरान कोर्ट से सर्च वारंट लेने के बाद 7 और 8 जुलाई 2026 को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके घर पर छापेमारी की गई.

विज्ञप्ति के मुताबिक, सर्च के दौरान आरोपी के मकान में भारी मात्रा में कैश और सोने के बिस्किट व सोने, चांदी व हीरे के बेशकीमती आभूषण आदि बरामद किये गये हैं. आवास में करीब एक करोड़ 62 लाख रुपये विभिन्न जगहों पर पैकेट बनाकर छुपाकर रखे गये थे, जिसे टीम ने गहन तलाशी के दौरान बरामद किया है. इस दौरान सोने के बिस्किट व ईटें एवं आभूषण ठोस मात्रा में करीब 13 किलो तथा चांदी के ईटें, बिस्किट व आभूषण 9 किलो बरामद किया गया है. इनकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है.

विज्ञप्ति के मुताबिक, जांच में लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में कई मकान, प्लॉट, फ्लैट और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. इसके अलावा दो लग्जरी कारें, एक रिवॉल्वर, बैंक खातों, डाकघर, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं.

विजिलेंस टीम के अधिकारियों का कहना है कि बरामद संपत्तियों और निवेश की जांच जारी है. सभी दस्तावेजों का सत्यापन कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक, सतर्कता अधिष्ठान ने लखनऊ सेक्टर की टीम को एक लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page