जीडीए की टीम ने शालीमार गार्डन में अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर


सील तोड़कर 200 गज के प्लाॅट पर किया जा रहा था अवैध निर्माण
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन में अवैध निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जोन-8 की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर करीब 200 गज के प्लॉट पर बिना अनुमति कराए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माणाधीन हिस्से को बुलडोजर की मदद से गिराया गया।

जीडीए अधिकारियों के अनुसार, शालीमार गार्डन क्षेत्र में करीब 200 गज के प्लॉट पर सलाउद्दीन द्वारा बिना स्वीकृति निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से करीब एक माह पहले निर्माणकर्ता को नोटिस जारी करने के साथ सीलिंग की कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य रूप से जारी रखा गया। आरोप है कि सीलिंग की कार्रवाई के बाद सील को तोड़कर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद जीडीए के जोन-8 की प्रवर्तन टीम ने गुरूवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
जीडीए अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए या प्राधिकरण के नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जीडीए ने निर्माणकर्ताओं को चेतावनी दी है कि सीलिंग अथवा प्राधिकरण की कार्रवाई के बाद दोबारा निर्माण करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



टिप्पणियां