top of page

बुलंदशहर में विजिलेंस के फंदे में घूसखोर

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 5 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन

सिंचाई विभाग के जिलेदार को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार



बुलंदशहर : यूपी विजिलेंस की टीम ने सिंचाई विभाग के जिलेदार को दो लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी जिलेदार एक डॉक्टर से निर्माण कार्य जारी रखने की एवज में रिश्वत ले रहा था. विजिलेंस ने इस मामले में बिचौलिए की भूमिका निभा रहे एक किसान को भी हिरासत में लिया है. विजिलेंस अधिकारी केवी सिंह के मुताबिक गाजियाबाद के महरौली निवासी डॉ. प्रदीप गुप्ता की महरौली में 531.71 वर्गगज जमीन है. डाॅ. गुप्ता का दावा है कि उनके पास जमीन के सभी कागजात हैं. इसी जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा है. आरोप है कि बीती 28 फरवरी को सिंचाई विभाग के जिलेदार राजेश कुमार उर्फ राजेश चौहान ने बिना नोटिस के जेसीबी से बाउंड्रीवॉल गिरवा दी. साथ ही जमीन सिंचाई विभाग की बताते हुए निर्माण को अवैध बताते हुए काम रुकवा दिया.

डॉ. प्रदीप गुप्ता के अनुसार निर्माण के बाबत अनुमति देने के नाम पर जिलेदार ने एक शख्स भूपेंद्र सिंह के माध्यम से 5 लाख रुपये की रकम मांगी. काफी मिन्नतों के बाद दो लाख रुपये में बात तय हुई. हालांकि डॉ. प्रदीप गुप्ता ने मेरठ विजिलेंस टीम से लिखित शिकायत कर दी. इसके बाद विजिलेंस अधिकारी केवी सिंह के नेतृत्व में सोमवार को जाल बिछाया गया. टीम का एक सदस्य किसान के वेश में मौके पर पहुंचा और डॉ. प्रदीप गुप्ता के रिश्वत की रकम देते ही जिलेदार राजेश चौहान और उसके सहयोगी भूपेंद्र को रंगेहाथ दबोच लिया. विजिलेंस टीम दोनों के खिलाफ सिकंदराबाद थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराई है.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page