top of page

चंदौली में अनोखा 'नाला सत्याग्रह': गंदे नाले में घुसकर बैठ गए सपा नेता

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 7 जुल॰
  • 2 मिनट पठन

जब जनता की आवाज नहीं सुनी गई, तो मजबूरन मुझे नाले में उतरना पड़ा: पंकज यादव



चंदौली: नियामताबाद विकास खंड के मढ़िया गांव में अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला, वहां नाला सफाई की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता पंकज यादव सीधे गंदे नाले में उतर गए. सपा नेता को ऐसा करता देख मौके पर राहगीरों की रफ्तार थम गई और देखते ही देखते ग्रामीणों का भारी हुजूम जुट गया, जिससे वहां हंगामे की स्थिति बन गई. काफी मान-मनौव्वल और कड़ी मशक्कत के बाद सपा नेता को नाले से बाहर निकाला गया.

विरोध-प्रदर्शन के दौरान सपा नेता पंकज यादव ने कहा कि गांव के लोग लंबे समय से गंदगी और जलभराव की गंभीर समस्या झेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे. कई बार शिकायत के बावजूद नाले की नियमित सफाई नहीं कराई गई.

अब जब बारिश के दिनों में सफाई शुरू भी की गई, तो नाले से निकाला गया मलबा सड़कों पर फैला दिया गया है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. इसके अलावा, गंगा नदी में गिरने वाले नाले के पानी को भी रोक दिया गया है, जिसने इस समस्या को और भयानक बना दिया है. जब जनता की आवाज नहीं सुनी गई, तो मजबूरन मुझे नाले में उतरकर नाली सत्याग्रह करना पड़ा.

बताया जा रहा है कि गांव के नाले की लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हो रही है. इससे जल निकासी बाधित होने के साथ-साथ गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है. इधर सपा नेता ने इस अनोखे प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर पंकज यादव को नाले से बाहर निकाला. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page