आगरा के सुभाष बाजार में मूसलाधार बारिश के बीच नाले पर बनी दो मंजिला दुकान ढही


आगरा। आगरा में जारी बारिश के बीच बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार में एक छोले-भटूरे की दुकान अचानक धंस गई। हादसे के समय दुकान पर मौजूद चार से पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटे में 71 जिलों में बारिश हुई। आगरा में बुधवार दोपहर अंधेरा छा गया। बादलों में ताजमहल छिप गया। बारिश के बीच दो मंजिला दुकान ढह गई। हादसे में 6 लोग मलबे में दब गए। इनमें से 5 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक महिला लापता है। बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मथुरा में भी बारिश के बीच एक जर्जर मकान की दीवार ढह गई। इससे तीन लोग घायल हो गए। जिले में 8वीं तक के स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे।
प्रयागराज में खेत में काम कर रहे दो लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। लखनऊ में बुधवार दोपहर 3 बजे दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद से आंधी के साथ तेज बारिश हुई। नोएडा में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर 2 फीट तक पानी भर गया। राहगीरों की बाइकें पानी में फंसकर बंद हो गईं। हाथरस में सदर कोतवाली में पानी भर गया। सड़कों पर बहाव इतना तेज है कि कारें और बाइकें बहने लगीं। मौसम विभाग ने आज 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है।



टिप्पणियां