अमेठी काजल हत्याकांड: साथ चलने से इनकार पर प्रेमी ने की हत्या
- Jantantra Live

- 5 जुल॰
- 2 मिनट पठन
दिल्ली से दबोचा गया हत्यारा, मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने सुलझाया केस

अमेठी: यूपी के अमेठी के बहुचर्चित काजल हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया है. युवती ने आरोपी प्रेमी के साथ चलने से इनकार किया, तो प्रेमी ने गुस्से में आकर काजल (19) की हत्या कर दी. इसके बाद शव को खेत के झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया. अमेठी पुलिस और स्वाट और सर्विलांस टीम ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के रणवीरनगर जंगल राम नगर निवासी अमर जीत की बेटी काजल का शव एक जुलाई को गांव के बाहर खेत में मिला था. अमरजीत की तहरीर पर पुलिस ने अमेठी थाने में सुरजीत सिंह पुत्र अरविंद सिंह निवासी प्रतापगढ़ व उसके कुछ साथी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इस के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमों का गठन किया था.

इस बीच पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया था. आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मृतका का मोबाइल भी अपने साथ लेकर फरार हो गया था. पुलिस ने उसके मोबाइल का लोकेशन का पीछा करते हुए दिल्ली पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी बरामद किया है.
आरोपी ने पूछताछ में बताया वह काजल से प्रेम करता था. उसे मिलने के लिये उसे उसके घर के बाहर बुलाया था. जब एक जुलाई को दोनों घर के बाहर मिले तो प्रेमी ने काजल को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा. जब काजल ने साथ चलने से मना किया, तो आरोपी ने काजल का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने शव को खेत के झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया.
पुलिस अधीक्षक सर्वानन टी ने बताया कि ढाई वर्ष पहले दोनों की दोस्ती सोशल मिडिया प्लेट फॉर्म इंस्टग्राम पर हुई थी, फिर दोस्ती प्यार में बदल गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25000 रुपये पुरस्कार की घोषणा की गई है.



टिप्पणियां