25 साल से बहन के घर रह रहे मामा की भांजे ने की निर्मम हत्या

झांसी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई सनसनीखेज हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

झांसी : लहचूरा थाना क्षेत्र में अपनी बहन के घर पर रहने वाले नेपाल सिंह के लापता होने के बाद हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है. पुलिस ने सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए भांजे प्रीतम सिंह समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक प्रीतम सिंह ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव जला कर मध्य प्रदेश ले जाकर फेंक दिया.
एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार के अनुसार नेपाल सिंह तोमर मूलरूप से महोबा जिले के दिदवारा गांव के रहने वाले थे. वह लगभग 25 साल से अपनी बहन के घर ग्राम धमनापायक में रह रहे थे. जांच में सामने आया कि आरोपी प्रीतम सिंह चाहता था कि उसका मामा घर छोड़कर अपने पैतृक गांव चला जाए.

एसपी ग्रामीण के मुताबिक घटना से पहले प्रीतम ने अपने बड़े मामा को फोन कर कहा था कि नेपाल सिंह को यहां से ले जाओ, नहीं तो वह उनकी हत्या कर देगा. इसके बाद 29 जून की रात प्रीतम अपने साथी गोलू उर्फ राजा सिंह के साथ सो रहे नेपाल सिंह को वाहन में बैठाकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र स्थित देवरी घाट ले गया.
आरोपियों ने पहले नेपाल सिंह का गला दबाया गया. इसके अलावा पत्थरों से कुचलकर नेपाल सिंह की हत्या का प्रयास किया. इसके बावजूद नेपाल सिंह की जान नहीं निकली तो पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया. इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव मध्य प्रदेश ले जाकर फेंक दिया. मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने झाड़ी बाबा तिराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.



टिप्पणियां