यूपी: सीएम योगी बोले-देश में दो नमूने, एक दिल्ली, दूसरा लखनऊ में
- Jantantra Live

- 22 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
अखिलेश यादव का पलटवार, कहा- यह आत्मस्वीकृति, भाजपा की आपसी खींचतान चौराहे पर न लाएं

लखनऊ। यूपी विधानमंडल का शीत सत्र चल रहा है। शीतकालीन सत्र का सोमवार को दूसरा दिन था। विपक्ष लगातार सीएम योगी को कफ सिरप मामले के मुद्दे पर घेरना चाह रहा है। लेकिन सीएम योगी ने विपक्ष को जवाब दिया कि मैं आपकी मजबूरी को समझता हूं। एक कहावत है- चोर की दाढ़ी में तिनका। इसके बाद सीएम ने बिना नाम लिए कहा- ''देश के अंदर दो नमूने हैं- एक दिल्ली में रहता है और एक लखनऊ में बैठते हैं, जब देश में कोई चर्चा होती है तो वह देश छोड़कर चले जाते हैं। मुझ लगता है यही बउआ के साथ भी होता है। वह फिर इंग्लैंड सैर सपाटे पर चले जाएंगे और आप यहां चिल्लाते रहेंगे।'' सीएम योगी के इस बयान के कुछ देर बाद ही अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा- आत्म-स्वीकृति! किसी को उम्मीद नहीं थी कि दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई यहां तक पहुंच जाएगी। संवैधानिक पदों पर बैठे लोग आपस में कुछ तो लोक-लाज रखें और मर्यादा की सीमा न लांघें। भाजपाई अपनी पार्टी के अंदर की खींचातानी को चौराहे पर न लाएं। कहीं कोई बुरा मान गया तो वापस जाना पड़ेगा।
इससे पहले योगी ने विधानमंडल के शीत सत्र में कहा- प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं हुई है। 2016 में इसके सबसे बड़े होल सेलर को सपा ने ही लाइसेंस दिया था। आपका शिक्षा से कोई वास्ता नहीं हैङ्घ इसीलिए इस तरह की बातें करते हैं। अखिलेश यादव के सिरप माफियाओं पर बुलडोजर चैलेंज पर योगी ने कहा कि चिंता मत कीजिए। समय आने पर बुलडोजर एक्शन भी होगा। उस समय चिल्लाना मत। योगी ने आगे कहा- विभोर राणा को लाइसेंस सपा ने दिया था। आलोक सिपाही(जो इस मामले में आरोपी है) की अखिलेश यादव के साथ कुछ गिफ्ट देते हुए तस्वीरें वायरल हुई। हमने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की, जो अभी जारी है। 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



टिप्पणियां