top of page

बरेली में पति की गला दबाकर हत्या, एक साल पहले की थी लव मैरिज

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 3 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

आरोपी पत्नी, उसकी मां चमेली देवी, उसके पिता कालीचरन गिरफ्तार



बरेली : जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस का दावा है कि ऑनलाइन जुए की लत से परेशान पत्नी ने अपने माता-पिता और भाई के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी थी. युवक 20 हजार रुपये जुए में हार गया था. पुलिस ने हत्या के आरोप में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी पत्नी ज्योति, उसकी मां चमेली देवी, उसके पिता कालीचरन, निवासी बारादरी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 जनवरी 2026 की है. जब इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गिरजाशंकर कॉलोनी के कैलाशपुरम में जितेंद्र कुमार यादव का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला था. शुरुआती दौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस को शक हुआ. उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक को ऑनलाइन जुए की लत थी, जिस कारण आए दिन पति-पत्नी में विवाद होता रहता था. पत्नी इस आदत से तंग आ चुकी थी. इसी बीच पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी ने अपने मां, पिता और भाई को बुलाया और चारों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने के उद्देश्य से ऐसे शव को लटकाया था जैसे कि मामला आत्महत्या का लगे और पुलिस गुमराह हो जाए। फिलहाल महिला का आरोपी भाई अभी फरार है.

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में थाना इज्जतनगर पर मुकदमा दर्ज किया गया था. 31 जनवरी 2026 को पुलिस ने पत्नी सहित उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन जुए की लत, घरेलू तनाव और पैसों के विवाद ने इस रिश्ते को मौत तक पहुंचा दिया. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है. मामले की विवेचना जारी है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ज्योति ने पूछताछ में बताया कि हम दोनों एक साथ पढ़ाई करते थे, उसी समय एक दूसरे से जान पहचान हो गई. परिवार की सहमति से 25 नवंबर 2025 को दोनों ने शादी कर ली थी. पत्नी ने बताया कि जितेन्द्र ने मेरे खाते से 20 हजार रुपये अपने खाते में लेकर ऑनलाइन जुए में हरा दिये थे.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page