top of page

मेरठ में हनी ट्रैप; मिस कॉल कर हापुड़ के पशु व्यापारी को फंसाया

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 23 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

बंधक बनाकर सात लाख रुपये मांगे, भाई-बहन गिरफ्तार



मेरठ : लोहियानगर थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है. पशु व्यापारी को बंधक बनाकर बदमाशों ने सात लाख रुपये की फिरौती मांगी. मामले में पुलिस ने एक युवती और उसके भाई को गिरफ्तार किया है. तीन आरोपी फरार हैं. पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.

दरअसल, एक महिला ने एक सप्ताह पहले हापुड़ के पिलखुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले पशु कारोबारी को मिस कॉल की. व्यापारी ने कॉल बैक किया, तो महिला ने रॉन्ग नंबर बताया और कॉल कट कर दी. कुछ देर बाद फिर से उसी नंबर से मिस कॉल आई. व्यापारी ने फिर फोन किया और महिला से बातचीत करने लगा. महिला ने व्यापारी को प्रेम जाल में फंसा लिया. इसके बाद महिला ने व्यापारी को मिलने के लिए मेरठ बुलाया. व्यापारी महिला के बताए गए एड्रेस पर पहुंचा. फ्लैट में महिला ने पहले संबंध बनाए और वीडियो भी बना ली. कुछ देर बाद फ्लैट का मालिक सागर और उसका दोस्त, महिला का भाई अंकित और उसका दोस्त मौके पर पहुंचे. सभी ने व्यापारी को बंधक बना लिया और सात लाख रुपए की डिमांड की. आरोपी महिला थाना सरधना के पालीखेड़ा गांव की रहने वाली है. इस बीच स्थानीय लोगों को कुछ संदिग्ध लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पुलिस पहुंची तो तीन आरोपी फरार हो गए, जबकि महिला और उसके भाई को पुलिस ने पकड़ लिया. पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि व्यापारी को प्रेम जाल में फंसाकर रुपए मांगे थे. वहीं व्यापारी ने बताया, बंधक बनाए जाने के बाद मैंने आरोपियों को चार हजार रुपये दिए थे. उनसे कहा था कि छोड़ दो, बाकि के रुपये इंतजाम कर के दे दूंगा.

पीड़ित ने बताया, लाख गुहार लगाने के बाद भी आरोपियों ने मुझे नहीं छोड़ा. इसके बाद मैंने अपने दोस्त रामभूल को फोन कर मामले के बारे में बताया और पैसे की व्यवस्था करने को कहा, लेकिन रामभूल भी पैसे की व्यवस्था नहीं कर सका. आरोपियों ने मुझे बंधक बनाए रखा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. सीओ कोतवाली अंतिरक्ष जैन ने बताया, महिला ने पशु व्यापारी को पहले तो प्रेम जाल में फंसाया. फ्लैट पर बुलाकर संबंध बनाए और गुपचुप तरीके से वीडियो बना ली. उसके बाद व्यापारी को बंधक बना लिया और फिर छोड़ने के एवज में सात लाख रुपये की फिरौती मांगी. पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी को आरोपियों से छुड़ाया. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों भाई-बहन हैं. तीन फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है.



 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page