top of page

भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने संभाला पदभार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 15 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

नई दिल्ली: दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने नबीन का स्वागत किया. इसके बाद भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदभार संभाला और अमित शाह और जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया. इस दौरान वहां मौजूद नेताओं ने तालियां बजाकर पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया.

45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संभावित उत्तराधिकारी हैं और जल्द ही पूर्ण राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होने पर यह जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. यह नियुक्ति पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत देती है. उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व विधायक थे, जिन्होंने बिहार में पार्टी की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.नितिन नबीन ने अपना राजनीतिक जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से शुरू किया. 2006 में पिता के निधन के बाद उपचुनाव में पटना की बांकिपुर (पूर्व में पटना पश्चिम) सीट से विधायक बने. इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल की. हालिया 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने आरजेडी उम्मीदवार को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया.वे बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं. सोमवार को पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से नितिन नबीन को गुलदस्ते भेंट किए गए. इससे पहले, दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे नितिन नबीन का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यहां भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नबीन का स्वागत किया. वहीं, नितिन नबीन को बधाई देने और उनका स्वागत करने वाले बीजेपी ऑफिस में बैनर लगाए गए हैं.



 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page