नोएडा में पर्सनल लोन के नाम पर फर्जी सेंक्शन लेटर भेजकर ठगी करते थे, दो गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 16 दिस॰ 2025
- 1 मिनट पठन

नोएडा। जनपद की साइबर क्राइम पुलिस ने पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर फर्जी सेंक्शन लेटर भेजकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये ठग निजी कंपनियों से प्राप्त डेटा का दुरुपयोग कर लोगों को निशाना बनाते थे।
साइबर क्राइम पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हिमांशु दूबे और हिमांशु के रूप में हुई है। इन्हें खोड़ा कॉलोनी (गाजियाबाद) और न्यू अशोक नगर (दिल्ली) से पकड़ा गया। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी पहले नोएडा की एक कंपनी में साथ काम करते थे, जहां से उन्होंने डेटा चुराया था। वे लोन के जरूरतमंद लोगों को पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देते थे और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे ठगते थे। आरोपी पीड़ितों से फोन पर बात कर लोन अप्रूवल के नाम पर पैसे लेते थे और फर्जी लोन सेंक्शन लेटर व्हाट्सएप पर भेजते थे। कुछ दिनों बाद वे इन फर्जी दस्तावेजों को डिलीट कर देते थे और ठगी की रकम आपस में बांट लेते थे। हिमांशु दूबे ने ठगी की कमाई से हाल ही में एक गूगल पिक्सल मोबाइल फोन खरीदा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।



टिप्पणियां