नोएडा में गोली मारकर प्रेमिका की हत्या करने वाला गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 6 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
आरोपी बिहार से गिरफ्तार, युवती की हत्या की बात स्वीकार कर ली

जनतंत्र लाइव न्यूज
..................................
नोएडा। में थाना फेस-2 क्षेत्र के याकूबपुर में प्रेमी द्वारा प्रेमिका की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को बिहार के भोजपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी आरोपी के पास से बरामद किया है। यह घटना 28 नवंबर की है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी के युवती के साथ काफी दिनों से प्रेम संबंध थे। आरोपी ने जब युवती से शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इस बात से वह आक्रोशित था।
पुलिस उपायुक्त (द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 28 नवंबर की रात को याकूबपुर गांव में रहने वाली 25 वर्षीय युवती सोनू की उसके प्रेमी कृष्णा ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को बिहार के भोजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। उसे पुलिस नोएडा लेकर आई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त देसी तमंचा भी बरामद कर लिया है। आरोपी हत्या करने के बाद नोएडा से बिहार भाग गया था। . घटना के पीछे की कहानी यह है कि आरोपी कृष्ण कुमार और मृतका लगभग तीन साल पहले सेक्टर 137, नोएडा में एक साथ काम करते थे, जहां दोनों के बीच दोस्ती हुई थी। आरोपी ने मृतका से शादी के लिए कहा, लेकिन उसने साफ़ मना कर दिया। इस बीच, आरोपी चोरी के आरोप में जेल चला गया। वहीं, जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा मृतका से बात करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने सख्ती से बात करने से मना कर दिया, जिससे नाराज होकर आरोपी 28 नवंबर की रात याकूबपुर में मृतका के किराए के मकान में पहुंचा और अवैध पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मौके से भाग निकला और गुजरात होते हुए अपने बिहार चला गया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी, जिन्होंने उत्तर प्रदेश, गुजरात और बिहार में उसके ठिकानों पर तलाश की। अंत: बिहार पुलिस की सहायता से आरोपी को भोजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी ने मृतका की बहनों पर भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन पिस्टल में गोली फंस जाने के कारण वह सफल नहीं हो सका था।



टिप्पणियां