नोएडा पुलिस ने जनसभाओं और धार्मिक कार्यक्रमों से मोबाइल चुराने वाले 4 पकड़े
- Jantantra Live

- 17 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
500 से अधिक वारदात को अंजाम दिया, 60 आईफोन बरामद

नोएडा। नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने सक्रिय मोबाइल स्नैचरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह को दबोचा है, जो धार्मिक पहचान बदलकर और भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इनके द्वारा अब तक 500 से अधिक वारदात को गाजियाबाद, दिल्ली,बुलंदशहर, मेरठ, मथुरा सहित अन्य जगहों पर अंजाम दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से ज्यादातर मोबाइल और पार्ट्स एप्पल के है।

डीसीपी नोएडा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए फिरोज, फरदीन और सलीम भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोबाइल स्नैचिंग करते थे। लेकिन इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड था दानिश, जो चोरी के मोबाइलों को खरीदता था, अपनी दुकान पर इकट्ठा करता था और फिर उनकी मांग के अनुसार उन्हें सप्लाई करता था, या उनके पार्ट्स निकालकर बेच देता था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है। डीसीपी नोएडा ने बताया कि पकडे गये आरोपियों से की गई गहन पूछताछ में जो खुलासे हुए, वो बेहद चौंकाने वाले थे। ये अपराधी न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर, बल्कि हापुड़, बुलंदशहर और मथुरा जैसे अन्य शहरों में भी सक्रिय थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि ये भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे मॉल, जनसभाओं या धार्मिक गतिविधियों में शामिल हो जाते थे। खुद को सामान्य दिखाने के लिए ये अपने नाम बदल लेते थे, यहां तक कि धार्मिक दुपट्टे और कलावे भी पहन लेते थे ताकि किसी को इन पर शक न हो। पुलिस ने इनसे 70 से अधिक मोबाइल फोन, 28 आईपैड, एक टैबलेट, 265 मोबाइल फोन के पार्ट्स और एक एप्पल टीवी बरामद किया। इन सभी सामानों की तात्कालिक कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन सभी पर आदतन अपराधी होने के मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें मुख्य आरोपी पर 2011 से ही मामले दर्ज हैं। इन सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।



टिप्पणियां