नोएडा जिला प्रशासन ने क्लब और होटलों के लिए कड़े नियम जारी किए
- Jantantra Live

- 9 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

नोएडा। गोवा अग्निकांड में हुई 25 लोगों की मौत के बाद नोएडा जिला प्रशासन और फायर विभाग एक्शन मोड में आ गया है। नोएडा में आगामी क्रिसमस और नववर्ष के जश्न से पहले सेक्टर-27 स्थित कैंप कार्यालय में डीएम मेधा रूपम ने जिले के सभी क्लब, बार, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ एक अहम बैठक की और सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। वहीं फायर विभाग ने भी तमाम बार, रेस्टोरेंट, होटल को चेक करने का काम शुरू कर दिया है। जिन जगहों पर कमियां पाई जा रही है, वहां पर उसे तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने कहा कि किसी भी संभावित आपदा, विशेषकर आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए जांच कि जा रही है। वहीं डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनसाधारण की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी एग्जिट पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। इसके अलावा कुछ नए और सख्त नियम भी लागू किए हैं। फायर अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रतिष्ठानों में कोई भी ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखा जाएगा और पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा फर्स्ट एड की व्यवस्था होनी चाहिए। फायर अधिकारी ने कहा कि इन बार और रेस्टोरेंट के अतिरिक्त ग्रेटर नोएडा के भी कई मॉल के अंदर बने बार को भी चेक किया गया है। अब तक करीब 50 से अधिक बार, रेस्टोरेंट और होटल को चेक किया गया है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रखा गया है। ताकि गोवा जैसी घटना की पुनरावृत्ति नोएडा में ना हो सके। फायर विभाग सभी तरह से खुद को भी अलर्ट पर रखे हुए हैं। गोवा की घटना के बाद नोएडा की डीएम ने चेतावनी दी है कि क्रिसमस और न्यू ईयर की पार्टियों के लिए पहले से अनुमति लेनी होगी। प्रशासन औचक निरीक्षण करेगा।



टिप्पणियां