दिल्ली में शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के पास बड़ा हादसा टला
- Jantantra Live

- 10 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
मालगाड़ी का खाली रैक पटरी से उतरा, कई ट्रेनें प्रभावित हुई

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार को शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के पास तब बड़ा हादसा होने से टल गया, जब एक मालगाड़ी का रैक अचानक पटरी से नीचे उतर गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। गनीमत रही कि उस समय रैक की गति बेहद धीमी थी, जिसके चलते डिब्बे पलटने से बच गए और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। मालगाड़ी का रैक खाली था। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शकूरबस्ती स्टेशन से कुछ दूरी पर हुई, जब मालगाड़ी का खाली रैक अचानक पटरी छोड़ खिसक गया। मालगाड़ी के दो डिब्बे रेलवे ट्रैक से नीचे उतरने के बाद रैक वहीं रुक गया। घटना के तुरंत बाद ड्राइवर ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन, इंजीनियरिंग टीम व सेफ्टी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की जा रही है। प्राथमिक जांच में संकेत मिल रहे हैं कि ट्रैक अलाइनमेंट या पटरी में आई तकनीकी गड़बड़ी इसकी वजह हो सकती है। हालांकि अंतिम कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। हादसे के तुरंत बाद रेलवे कर्मचारियों ने डिब्बों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया। प्रभावित लाइन पर ट्रैक मेंटेनेंस का काम चल रहा है, जिससे जल्द से जल्द ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सके। फिलहाल एक लाइन बंद है और बराबर वाली सिंगल लाइन से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
घटना से ट्रेन संचालन पर असर पड़ा, जिसके बाद कई ट्रेनें लेट चल रही हैं। रेलवे कंट्रोल टीम लगातार ट्रेनों की मूवमेंट पर नजर रखे हुए हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रैक की बहाली को प्राथमिकता दी गई है। बहुत जल्द ही दोनों लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य कर दी जाएगी। घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के नियमित निरीक्षण व समय पर मरम्मत की आवश्यकता को रेखांकित किया है।



टिप्पणियां