top of page

दिल्ली में बड़ी वारदात से पहले ही बिश्नोई-हैरी बॉक्सर सिंडिकेट के 5 शूटर गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 17 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंतरराज्यीय अपराध जगत को बड़ा झटका देते हुए अरजू और अनमोल बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े पांच शूटरों को गिरफ्तार कर राजधानी में होने वाली एक संभावित बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में तीन सनसनीखेज हत्याओं के मुख्य शूटर भी शामिल हैं। यह कार्रवाई स्पेशल सेल की टीम ने एसीपी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में दो अलग-अलग आॅपरेशनों के तहत की गई।

दिल्ली पुलिस के एडिशनल सीपी स्पेशल सेल पीएस कुशवाह ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियूष पिपलानी, अंकुश सोलंकी, कुंवरबीर, लवप्रीत सिंह और संतोष उर्फ कपिल खत्री के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए ये सभी आरोपी चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा में हुई चर्चित हत्याओं में वांछित चल रहे थे।

एडिशनल सीपी पीएस ने बताया कि पियूष पिपलानी चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी की हत्या व हरियाणा के पंचकूला में राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा की हत्या का मुख्य शूटर है। अंकुश सोलंकी भी इन दोनों हत्याओं में शूटर के तौर पर शामिल था। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। दोनों की चंडीगढ़ व हरियाणा पुलिस भी तलाश कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी की सफलता दिल्ली पुलिस के हाथ लगी है।

एडिशनल सीपी पीएस ने बताया कि कुंवरबीर हत्या के दौरान इस्तेमाल की गई टेल व गेटअवे कार का चालक था, जबकि संतोष उर्फ कपिल खत्री अमृतसर में लायन बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक आशु महाजन की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। लवप्रीत सिंह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद वह दोबारा संगठित अपराध में सक्रिय हो गया था। एडिशनल सीपी पीएस कुशवाह ने बताया कि स्पेशल सेल को इनपुट मिला था कि इंदरप्रीत सिंह पैरी हत्याकांड से जुड़ा एक अपराधी हाल ही में दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में देखा गया था। इसके बाद गहन फील्डवर्क, तकनीकी निगरानी व डेटा एनालिसिस के जरिए कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पहले चरण में रिंग रोड, शांति वन के पास से कुंवरबीर, कपिल खत्री और लवप्रीत को गिरफ्तार किया गया। इनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनके अन्य साथी भी जल्द दिल्ली पहुंचने वाले हैं। इसके बाद स्पेशल सेल की दूसरी टीम ने सराय काले खां बस स्टैंड के पास से पियूष पिपलानी और अंकुश सोलंकी को उस समय दबोच लिया, जब वे अपने साथियों से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार अवैध हथियार व भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली में किसी अज्ञात लेकिन हाई-प्रोफाइल टारगेट पर हमला करने की योजना बना रहे थे। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी आपराधिक घटना होने से बच गई। एडिशनल सीपी पीएस कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क, हथियार सप्लाई व अन्य वारदातों में भूमिका की जांच की जा रही है। इन गिरफ्तारियों से अरजू और अनमोल बिश्नोईझ्रहैरी बॉक्सर सिंडिकेट की कमर तोड़ने में बड़ी सफलता मिली है।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page