दिल्ली में प्रदूषण के चलते नर्सरी से लेकर क्लास-5 तक के स्कूल बंद
- Jantantra Live

- 15 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते शिक्षा निदेशालय ने नर्सरी से पांचवीं तक के छात्रों के लिए अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का आदेश दिया है. निदेशालय ने कहा कि सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल पांचवीं तक के छात्रों के लिए बंद रहेंगे. हालांकि, इस बीच कक्षाएं पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम में होंगी. वहीं, कक्षा 6 और उससे ऊपर की कक्षाएं पहले से जारी निर्देशों के अनुसार संचालित होती रहेंगी.
शिक्षा निदेशक वेदिता रेड्डी ने कहा कि राजधानी में एक बार फिर बढ़ते वायु प्रदूषण ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. राजधानी में लगातार खराब होती हवा की गुणवत्ता (AQI) को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने एहतियातन बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की नर्सरी से कक्षा 5 तक की फिजिकल क्लासेस अगले आदेश तक स्थगित रहेंगी. उन्होंने कहा कि पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए इन कक्षाओं के छात्रों के लिए ऑनलाइन मोड में कक्षाएं जारी रहेंगी, इसके लिए सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि वह ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था करें और इसकी जानकारी अभिभावकों और छात्रों को दे. उन्होंने कहा कि सभी जिला एवं जोनल उप शिक्षा निदेशकों (DDE) को आदेश का सख्त पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही स्कूल प्रशासन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और बच्चों की सेहत से कोई समझौता न किया जाए. बच्चों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों से छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए एक आवश्यक व निवारक कदम है. उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और विद्यार्थियों के हित में आगे और निर्णय लिए जाएंगे.



टिप्पणियां