top of page

दिल्ली पुलिस ने साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश किया

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 7 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

निवेश के नाम पर करोड़ों ठगकर क्रिप्टो में करते थे पैसा सफेद. मुख्य आरोपी गिरफ्तार



नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक ऐसे साइबर सिंडिकेट का पदार्फाश किया है, जो देशभर में आनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठग रहा था। यह पूरा रैकेट चीन से संचालित फाइनेंशियल चैनलों से जुड़ा हुआ था। साइबर सेल ने इस गैंग में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तकनीकी जांच में सामने आया कि ठगे गए पैसे कई फर्जी कंपनियों और मल्टी-लेयर बैंक खातों के जरिए घुमाकर अंत में क्रिप्टोकरेंसी में बदल दिए जाते थे।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि 61 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक ने आनलाइन निवेश के नाम पर 33.10 लाख चीटिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि पीड़ित के पैसे एक फर्जी कंपनी बेलक्रेस्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में बने खातों में भेजे गए थे। कंपनी के निदेशकों के रूप में दिल्ली निवासी लक्षय और अयोध्या निवासी शिवम सिंह का नाम सामने आया। पैसे की ट्रेल में 10.38 लाख बेलक्रेस्ट के खातों में मिले, जिसके आधार पर 19 नवंबर को लक्ष्य को गिरफ्तार किया, जिसने स्वीकार किया कि उसने हर महीने 20 हजार रुपये लेकर कंपनी के बैंक खाते और सिम कार्ड खोलकर आरोपियों तक पहुंचाए थे। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, साइबर सेल ने मुख्य आरोपी शुभम को ट्रेस करने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की। वह लगातार सिम बदलकर लोकेशन छिपा रहा था, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम ने 6 दिसंबर को तिलक नगर से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, चेकबुक और डेबिट कार्ड बरामद किए गए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि सिंडिकेट का असली नेटवर्क चीन से संचालित हो रहा था। शुभम ने बताया कि वह एक विदेशी हैंडलर के लिए काम करता था, जो उसे तीसरे और चौथे लेयर के शेल कंपनियों के कई बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इन फर्जी खातों के माध्यम से पैसा भारत से चीन-नियंत्रित कंपनी 'कूल पे' तक पहुंचता था। डीसीपी के मुताबिक पूरे रैकेट में चीटिंग का तरीका बेहद संगठित था। पहले चीनी कंपनी 'कूल पे' फर्स्ट-लेयर खातों में रकम भेजती थी। फिर पैसे बेलक्रेस्ट जैसे फर्जी खातों में डालकर कई लेयरों में घुमाए जाते थे, ताकि ट्रांजेक्शन की ट्रेल मिटाई जा सके।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page