दिल्ली पुलिस ने बच्चे की तस्करी के आरोप में आंगनवाड़ी हेल्पर समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया
- Jantantra Live

- 6 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
4 बेटियों के मां-बाप को थी बेटे की चाह, बच्चे को किडनैपर से खरीदा

जनतंत्र लाइव न्यूज
.......................................
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक बच्चे के अपहरण के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। डेढ़ महीने के इस बच्चे का अपहरण सीलमपुर मेट्रो स्टेशन से किया गया था। इस बच्चे को 4 बेटियों के मां-बाप ने बेटे की चाह में खरीद लिया था। पुलिस ने इस दंपति को भी गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे को उसकी मां के पास पहुंचा दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने सीलमपुर मेट्रो स्टेशन से एक बच्चे का कथित तौर पर अपहरण और तस्करी करने के आरोप में फरार चल रही एक महिला समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि डेढ़ महीने के इस बच्चे का जून में अपहरण हुआ था। उसे सकुशल बरामद कर उसकी मां से मिला दिया गया है। पुलिस ने बताया कि बच्चे को खरीदने वाले दंपति धीर सिंह और उनकी पत्नी बनीता को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उनकी चार बेटियां हैं और वे एक बेटा चाहते थे।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी 22 साल की देवकी महीनों से अपने ठिकाने बदल रही थी। आखिरकार उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक किराए के मकान में मिली। उसने कथित तौर पर 4 जून को मेट्रो स्टेशन से नवजात शिशु का अपहरण किया था। बाद में उसे दिल्ली के आर्य नगर में डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया था।
शास्त्री पार्क मेट्रो थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन शिशु और आरोपी को खोजने के शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली। बाद में मेट्रो यूनिट के चोरी निरोधक दस्ते को जांच सौंप दी गई। खुफिया जानकारी से देवकी के महोबा में होने का संकेत मिला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने उसके ठिकाने पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पूछताछ के दौरान देवकी ने अपहरण और बिक्री में शामिल अन्य लोगों की पहचान की। पुलिस ने बताया कि उसने गांधी नगर की एक आंगनवाड़ी हेल्पर मंजू देवी के कहने पर शिशु का अपहरण किया था। घरेलू काम करने वाली शीला ने इस लेन-देन में मध्यस्थता की थी। देवकी के खुलासे के बाद पुलिस ने बनीता के कब्जे से बच्चे को बरामद कर लिया। उसके पति धीर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने बेटे की चाहत में बच्चे को खरीदने की बात कबूल की। सभी चार सह आरोपियों मंजू, शीला, धीर और बनीता को किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बरामद बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। उसने आदेश दिया कि उसे उचित औपचारिकताओं के बाद उसकी मां को सौंप दिया जाए। पुलिस ने कहा कि किसी भी आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।



टिप्पणियां