दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आया बावरिया गिरोह का गुर्गा
- Jantantra Live

- 8 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बावरिया गिरोह के एक वॉन्टेड अंतरराज्यीय बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह बदमाश कई मामलों में फरार था। यूपी के शामली का रहने वाला संजय उर्फ झल्लू पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में छिपा था जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद और अमरोहा में उसके खिलाफ दर्ज कई मामलों की जांच की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) हर्ष इंदौरा ने बताया कि संजय एक घोषित बदमाश है। उसके खिलाफ दिल्ली और यूपी में हत्या के प्रयास, डकैती, झपटमारी, सेंधमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन समेत 34 मामले दर्ज हैं। आदर्श नगर थाने में दर्ज एक झपटमारी के मामले में भी उसे पहले दोषी ठहराया जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित अपराध गिरोह चला रहा था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के बीच घूमता रहता था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर नकद इनाम भी घोषित किया था। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने करीब दो हफ्ते तक संजय की गतिविधियों पर नजर रखी और रविवार को मंडी गोबिंदगढ़ स्थित उसके ठिकाने पर छापा मारा गया जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। संजय ने पछताछ में बताया कि उसने एक दशक पहले अपने गांव के साथियों के साथ मिलकर डकैती डकैती तथा झपटमारी की वारदातें शुरू की थीं। उसने बताया कि साथियों के साथ मिलकर उसने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में वारदातों को अंजाम दिया था। जमानत मिलने के बाद भी वह बार-बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा। उसके खिलाफ कई गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थ। उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।



टिप्पणियां