दिल्ली के रिहायशी इलाकों में चल रहे गेस्ट हाउसों पर शिकंजा
- Jantantra Live

- 5 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
35 गेस्ट हाउस संचालकों को शाहदरा एसडीएम ने भेजा नोटिस, दस्तावेज मांगे

जनतंत्र लाइव न्यूज
................................
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में यमुनापार के रिहायशी क्षेत्रों में चल रहे गेस्ट हाउसों पर शाहदरा जिला प्रशासन शिकंजा कसने में जुट गया है। स्थानीय लोगों के साथ ही सत्ता में बैठे पार्षद व विधायक इन गेस्ट हाउस पर कार्रवाई की मांग बहुत समय से कर रहे थे। आरोप लग रहे थे कि निगम, पुलिस और फायर की मिलीभगत से वैध की आड़ में अवैध गेस्ट हाउस भी चल रहे हैं। जो गेस्ट हाउस हैं, उसके बाहर होटल का बोर्ड लगा रहता है।
अब शाहदरा एसडीएम ने 35 गेस्ट हाउस संचालकों को नोटिस जारी किया है। प्रशासन उनके लाइसेंस अन्य दस्तावेजों की जांच करेगा। अगर किसी के कागजात में कोई कमी मिली तो उस गेस्ट हाउस को सील कर दिया जाएगा।

शाहदरा के एसडीएम तपन झा ने बताया कि प्रशासन ने दिल्ली नगर निगम से गेस्ट हाउस की सूची मांगी थी। निगम ने 35 गेस्ट हाउस की सूची पते के साथ प्रशासन को सौंपी। प्रशासन ने इन गेस्ट हाउस संचालकों को नोटिस जारी कर दस चीजें मांगी है। पहला है निगम का लाइसेंस, दूसरा फायर की एनओसी, बिजली कनेक्शन, जीएसटी नंबर, ले आउट प्लान, मालिकाना हक, संपत्ति का विवरण, कितने सीसीटीवी कैमरे हैं और उनकी रिकार्डिंग कितने दिन तक सुरक्षित रहती है, रसोई चलाने के लिए फूड लाइसेंस है या नहीं, पानी का किया सोर्स है। एक सप्ताह के अंदर सभी को जो दस्तावेज प्रशासन ने मांगे है उसकी कापी जमा करवानी होगी। इसके बाद एक समिति का गठन किया जाएगा, इसमें प्रशासन, निगम और फायर व पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे। यह कमेटी दस्तावेजों की सत्यता की जांच करेगी। किसी के भी कागजात में झोल मिला तो उसे सील कर दिया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि अधिकतर गेस्ट हाउस ओयो नाम की कंपनी के चल रहे हैं। प्रशासन के पास शिकायतें आ रही थी कि इसमें अनैतिक कार्य होते हैं।
एसडीएम ने कहा कि इस माह के आखिर तक सभी गेस्ट हाउस के दस्तावेज की जांच हो जाएगी। इसके अलावा जो अवैध चल रहे हैं, उन्हें सील कर दिया जाएगा।
पानी का सोर्स बताना पड़ेगा : जितेंद्र महाजन
शाहदरा जिला विकास समिति के चेयरमैन जितेंद्र महाजन ने कहा कि वह समिति की पिछली कई बैठक में अवैध होटल व गेस्ट हाउस के मुद्दे उठा चुके हैं। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सबसे महत्वपूर्ण प्वाइंट है कि इन गेस्ट हाउस में पानी का सोर्स किया है। प्रशासन यह जांच करेगा कि गेस्ट हाउस वालों ने पानी का कनेक्शन लिया हुआ है या फिर अवैध सबमर्सिबल लगाकर भू-जल का दोहन कर रहे हैं। अगर सबमर्सिबल लगा मिला तो चालान किया जाएगा।



टिप्पणियां