दिल्ली के ओखला में यूपी सिंचाई विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया
- Jantantra Live

- 15 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
सिंचाई विभाग की टीम ने दर्जनों दुकान और मकान सील किया

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार बुलडोजर एक्शन देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में सोमवार में ओखला विधानसभा क्षेत्र के आली गांव इलाके में उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के जमीन पर अतिक्रमण किए गए लोगों पर एक्शन देखने को मिला , जिनके दुकानों और मकानों को सील कर दिया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारी और दिल्ली पुलिस, उत्तर प्रदेश की पुलिस और अर्धसैनिक बल को तैनात किया गया था। ओखला विधानसभा क्षेत्र के आली गांव में सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा अपने जमीन पर किए गए अतिक्रमण को खाली कराने के लिए बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश की पुलिस, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है। इस दौरान उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की टीम के द्वारा दर्जनों से ज्यादा दुकानों को सील किया गया तो वहीं मस्जिद के आसपास बने मकान को भी खाली कराया गया और उन्हें सील कर दिया गया।

दरअसल ग्रेप 4 लागू होने की वजह से बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई नहीं की गई। उसके जगह पर दुकानों और मकानों को सील किया गया है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के द्वारा सिंचाई विभाग की जमीन पर अतिक्रमण किए गए लोगों को 14 दिसंबर तक आखिरी तारीख कोर्ट के द्वारा दी गई थी कि वह अपने मकान और दुकानों को खाली कर ले, अन्यथा 15 दिसंबर को होने वाले कार्यवाही में जो नुकसान होगा, उसकी जिम्मेदारी आप सभी की होगी। इलाके में नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरा भी उड़ाया गया, जिसके माध्यम से सुरक्षा के तहत निगरानी की जा रही थी वहीं इस दौरान बीएसईएस की टीम मौके पर मौजूद रही और दुकानों और मकान से बिजली के कनेक्शन काटे गए।
इसके बाद सभी मकानों और दुकानों को सील किया गया। वहीं इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम ने आॅफ कैमरा बताया कि यह सीलिंग कोर्ट के आदेश के बाद किया जा रहा है। कोर्ट ने इन्हें उत्तर प्रदेश की सिंचाई विभाग की जमीन पर जो लोग अतिक्रमण किए थे, उन्हें खाली करने का नोटिस दिया था। इसके बाद आज उस पर कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग की तकरीबन 8.48 एकड़ पर जो अतिक्रमण किया गया था, उसे मुक्त कराया गया है। वहीं इससे पहले दक्षिणी दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके में दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा एक आलीशान कोठी पर बुलडोजर चलाया गया था। वहीं डिमोलिशन का कार्य दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर के आदेश के बाद किया गया था। लगातार दिल्ली में कई जगह पर डिमोलिशन का कार्य किया जा रहा है और अतिक्रमित भूमि पर सरकार अपना अधिग्रहण कर रही है।



टिप्पणियां