दिल्ली की सीएम एवं अन्य मंत्रियों ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका
- Jantantra Live

- 8 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

नई दिल्ली/अमृतसर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने सोमवार को यहां स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। उन्होंने मंदिर में दिल्ली के लाल किले में गुरु तेग बहादुर की 350वें शहादत दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद 'शुकराना' किया। गुप्ता के साथ मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, रवींद्र इंद्राज और मनजिंदर सिंह सिरसा भी थे। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल किले में आयोजित 'गुरमत समागम' की 'असाधारण सफलता गुरु साहिब की कृपा है' जबकि नवंबर में तीन दिवसीय समारोह से कुछ दिन पहले आतंकवादी हमले के कारण भय का माहौल था। गुप्ता ने कहा कि छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बिना किसी बाधा के धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। गुप्ता और उनके मंत्रियों का अमृतसर में दुग्यार्णा मंदिर और वाल्मीकि तीर्थ के दर्शन करने का भी कार्यक्रम है। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं ने उनका स्वागत किया। अपनी इस धार्मिक यात्रा में मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ स्वर्ण मंदिर सदृश दिखने वाले प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर भी पहुंची। वहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली के लिए कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि मंदिर (श्री रामतीर्थ मंदिर) में भी माथा टेका ओर आशीर्वाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी यही कामना है कि भगवान वाल्मीकि जी की कृपा सदैव सब पर बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतसर की इस पवित्र भूमि पर दर्शन करना उनके लिए गहरा आध्यात्मिक अनुभव है। अमृतसर हर रूप में आस्था और ऊर्जा की नगरी है। गुरु की बड़ी कृपा है कि हमें दिल्ली की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है।

अमृतसर में स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए प्रेम और स्वागत के प्रति मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त किया और इसे अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यही प्यार और आशीर्वाद हमारी ताकत है। आशा है गुरु की कृपा हम सभी पर यूंही बनी रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस आध्यात्मिक ऊर्जा और जनता के समर्थन से प्रेरित होकर, दिल्ली सरकार भविष्य में भी सेवाभाव से जनकल्याण के कार्यों को गति देती रहेगी।



टिप्पणियां