दिल्ली: एयर इंडिया-विस्तारा में नौकरी का झांसा देकर की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 18 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
दिल्ली की शाहदरा पुलिस ने गाजियाबाद से दबोचा आरोपी

नई दिल्ली। शाहदरा जिले की साइबर पुलिस ने एयर इंडिया-विस्तारा एयलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे फर्जी जॉब रैकेट का पदार्फाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि पीड़िता रितु सिंह ने आरोप लगाया था कि उसे एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे ठगे गए। जांच में सामने आया कि पीड़िता को एयरलाइंस के नाम के फर्जी मेल आईडी से मेल भेजा गया था, जिससे उसे यह विश्वास हो गया कि संपर्क असली कंपनी की ओर से किया जा रहा है। इसके बाद एक मोबाइल नंबर से लगातार कॉल और मैसेज कर खुद को एयरलाइन का अधिकारी बताया गया। आरोपियों ने चयन प्रक्रिया, मेडिकल, ट्रेनिंग, यूनिफॉर्म और जॉइनिंग फॉर्मेलिटी के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा कराने को कहा। भरोसा जीतने के लिए फर्जी लेटर ऑफ इंटेंट, कंपनी के लोगो लगे दस्तावेज और व्हाट्सऐप प्रोफाइल का इस्तेमाल किया गया। तकनीकी जांच और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर साइबर थाना शाहदरा की टीम ने गाजियाबाद के आदित्य वर्ल्ड सिटी से रोहित मिश्रा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज, क्यूआर कोड और बैंक अकाउंट से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं। आरोपी के मोबाइल में व्हाट्सऐप प्रोफाइल एयर विस्तारा के नाम से सेव थी, जिस पर कंपनी का लोगो लगा हुआ था, ताकि पीड़ितों को किसी तरह का शक न हो। डीसीपी के अनुसार आरोपी पहले भी ठगी और जालसाजी के मामलों में शामिल रहा है, जिससे यह साफ होता है कि वह एक संगठित साइबर ठगी नेटवर्क का हिस्सा है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी ईमेल आईडी, नकली ऑफर लेटर और डिजिटल पेमेंट लिंक के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं को निशाना बनाता था, खासतौर पर उन लोगों को जो एयरलाइन सेक्टर में नौकरी की तलाश में थे।



टिप्पणियां