डीटीसी ड्राइवर की मौत के बाद कर्मचारियों में आक्रोश
- Jantantra Live

- 8 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
सुरक्षा मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, डीटीसी बस न मिल पाने यात्री हुए परेशान

नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। डीटीसी ड्राइवर के साथ हुई मारपीट और उसके बाद हुई मौत के विरोध में डीटीसी कर्मचारियों ने अचानक हड़ताल जैसा रुख अपना लिया, जिसका सीधा असर राजधानी की सड़कों पर देखने को मिल रहा है। बाहरी दिल्ली से लेकर केंद्रीय इलाकों तक डीटीसी बसों की संख्या बेहद कम दिखाई दी, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह-सुबह आॅफिस और कॉलेज जाने वालों की भीड़ बस स्टॉप पर जमा रही। बराड़ा बाग, शाहदरा, करोल बाग, कश्मीरी गेट, रोहिणी और द्वारका जैसे प्रमुख रूटों पर बस सेवाएं लगभग ठप रहीं। कई स्टॉप पर 40 से 60 मिनट तक बसों का इंतजार करते यात्री निराश दिखाई दिए।
दिल्ली विश्वविद्यालय जाने वाली छात्रा कविता बताती हैं कि वह पिछले 45 मिनट से बस का इंतजार कर रही हैं। ''मुझे कश्मीरी गेट से कनेक्टिविटी चाहिए, लेकिन यहां बसें चल ही नहीं रहीं। अगर इस तरह देरी हुई तो यूनिवर्सिटी देर से पहुंचूंगी, और आगे की क्लास भी मिस हो सकती है।'' वहीं, यमुना बैंक से पटपड़गंज की तरफ जाने वाले यात्री सुशील गुप्ता का कहना है कि बसों की संख्या बेहद कम है। ''सड़कों पर डीटीसी दिख ही नहीं रही है, जिन लोगों को जल्दी जाना है, वे मजबूरी में आॅटो या ई-रिक्शा ले रहे हैं, जिसका किराया सामान्य से कहीं ज्यादा देना पड़ रहा है। नोएडा जाने वाले यात्री फारूक ने बताया कि वह शाहदरा से 319 नंबर की बस का लगभग 50 मिनट से इंतजार कर रहे हैं लेकिन बस नहीं आ रही। ह्लअगर बसें बंद रहीं तो आॅफिस समय पर नहीं पहुँचा पाऊँगा।'' डीटीसी कर्मचारियों में ड्राइवर की मौत को लेकर गहरा आक्रोश है। वे सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार हो रही मारपीट, सुरक्षा की कमी और प्रशासन की अनदेखी अब बर्दाश्त से बाहर है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो हड़ताल और लंबी हो सकती है। डीटीसी संचालन ठप होने से दिल्ली की जनता आज भारी परेशानी में दिखाई दी। कश्मीरी गेट, रिंग रोड, रोहिणी सेक्टर इलाकों में इंतजार की लंबी कतारें और बढ़ा हुआ किराया यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। प्रशासन ने अभी स्थिति सामान्य होने के लिए कोई स्पष्ट समय नहीं बताया है।



टिप्पणियां