जीडीए के एई प्रबुद्ध राज सिंह ने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में हासिल की 88वीं रैंक, सचिव ने दी शुभकामनाएं
- Jantantra Live

- 18 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
< एमडीए से सेवानिवृत्त इंजीनियर विनोद शंकर के सुपुत्र हैं प्रबुद्ध राज सिंह
< वर्तमान में जीडीए में सहायक अभियंता के पद पर सेवारत हैं प्रबुद्ध राज सिंह
< अंतिम प्रयास में दूसरी बार भी सफल रहे प्रबुद्ध राज सिंह

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में सहायक अभियंता के पद तैनात प्रबुद्ध राज सिंह का भारतीय इंजीनियरिंग सेवा की परीक्षा (ईएसई) में 88वीं रैंक पर चयन हुआ है। उनकी इसकी सफलता से परिवार में उल्लास है और गाजियाबाद भी गौरवान्वित हुआ है। प्रबुद्ध राज सिंह को उनकी सफलता और उज्जवल भविष्य के लिए हर तरफ से शुभकामना संदेश भी मिल रहे हैं। इसी कड़ी में गुरूवार को जीडीए सचिव राजेश कुमार ने एई प्रबुद्ध राज सिंह को इस सफलता के लिए पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया।
बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी द्वारा आयोजित कराई गई भारतीय इंजीनियरिंग सेवा की परीक्षा के मैंस के नतीजे बीते सितम्बर माह के पहले सप्ताह में घोषित हुए थे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में सेवारत सहायक अभियंता प्रबुद्ध राज सिंह ने भी लाखों परीक्षार्थियों की तरह ही इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। इस कठिन परीक्षा के नतीजों में प्रबुद्ध राज सिंह ने शानदार सफलता पाते हुए चयनित 202 पासआउट परीक्षार्थियों में 88वीं रैंक हासिल की थी। प्रबुद्ध राज सिंह की इस सफलता पर उन्हें तथा परिवार को हर तरफ से शुभकामनाएं मिल रही हैं। यहां काबिलेगौर है कि प्रबुद्ध राज सिंह के पिताजी श्री विनोद शंकर सिंह मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) से सेवानिवृत्त अभियंता हैं। प्रबुद्ध राज सिंह बताते हैं कि वे मूलरूप से मऊ जनपद के रहने वाले हैं और उनकी अधिकांश शिक्षा लखनऊ, इलाहाबाद और नोएडा के जेएसएस कॉलेज से हुई। बीते चार वर्षों से वे गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में सेवारत हैं।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा को वे साल 2022 में भी क्लियर कर चुके थे किन्तु जीडीए में सेवारत होने की वजह से उन्होंने चयन के बाद भी उस अवसर को जानबूझ कर छोड़ दिया था। उन्होंने दूसरी बार भारतीय इंजीनियरिंग सर्विस की परीक्षा दी और बेहतर परिणाम मिले। प्रबुद्ध राज सिंह की माताजी गृहिणी तथा छोटे भाई सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता हैं। सिविल सर्विस की तैयारियां करने वाले स्टूडेंट्स को प्रबुद्ध राज सिंह की सलाह है कि लगातार रिवीजन करने, टेस्ट पर फोकस करने और गहन अध्ययन करने से लक्ष्य को पाया जा सकता है। वे कहते हैं कि लगातार किए गए प्रयास सार्थक होते हैं। खुद प्रबुद्ध राज सिंह ने अपने अंतिम प्रयास में दूसरी बार सफलता का यह कीर्तिमान बनाया है। ईएसई में चयनित होने पर प्रबुुद्ध राज सिंह को जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



टिप्पणियां