top of page

घरों में चोरी करने वाले गिरोह का सरगना साथियों समेत धरा

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 7 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

नोएडा। सेक्टर-49 थाने की पुलिस ने रेकी कर घरों में चोरी करने वाले गिरोह का रविवार को पदार्फाश कर सरगना और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से चोरी का सामान बरामद हुआ है।

एसीपी ट्विंकल जैन ने बताया कि बीते दिनों थाना क्षेत्र स्थित एक घर से बदमाशों ने गहने समेत अन्य सामान चुराया था। पीड़ित ने मामले की शिकायत संबंधित थाने में दी थी। इसके बाद थाना प्रभारी की अगुवाई में गिरोह के बदमाशों को दबोचने के लिए एक टीम गठित की गई। टीम को रविवार को सूचना मिली कि बदमाश फिर से वारदात करने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने घेरेबंदी कर गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया। बदमाशों की पहचान हापुड़ के पिलखुआ निवासी चरण सिंह उर्फ चन्ना, मयंक शर्मा और मनीष गिरी के रूप में हुई है। मनीष 22 साल का है, जबकि चरण सिंह की उम्र 26 और मयंक शर्मा की 25 साल है। सभी आठवीं से दसवीं तक पढ़े हैं। चन्ना गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ हापुड़ और नोएडा के अलग-अलग थानों में पांच केस विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। मयंक और मनीष के खिलाफ तीन-तीन केस दर्ज हैं। बदमाशों के पास से चोरी के गहने, कपड़े और नकदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। बदमाशों ने नोएडा और हापुड़ के अलावा गाजियाबाद में भी चोरी की वारदातें की हैं। सभी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं और जेल से छूटने पर फिर से चोरी करने लगते थे। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने बीते शुक्रवार को थाना क्षेत्र स्थित एक घर में चोरी की वारदात की थी। चोरी के सामान को बेचकर गिरोह के सदस्यों ने धन अर्जित किया था। वहीं, एक माह पहले भी तीनों ने थाना क्षेत्र के हनुमान विहार के गली नंबर एक स्थित एक मकान में भी चोरी की थी। आरोपियों के पास से जो नकदी बरामद हुई है, उसे उन्होंने चोरी के सामान को बेचकर अर्जित किया था। गिरोह के सरगना ने पुलिस को अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। ऐसे करते हैं वारदात: सेक्टर-49 थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के बदमाश रोजाना पिलखुआ से नोएडा आते। सुनसान घरों की रेकी करते। जिस घर में लोग नहीं रहते या नौकरी पर जाने के बाद घर कई घंटे तक खाली रहता, उसी को ही गिरोह के सदस्य निशाना बनाते। अपने पास रखे उपकरण से मिनटों में घर का दरवाजा और लॉक तोड़कर बदमाश अंदर दाखिल होते और कुछ ही समय में गहने और नगदी समेत अन्य महंगे सामान चुराकर वापस लौट आते। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के सामान को दिल्ली के कुछ दुकानदारों को बेचते थे। कई बार अच्छी कीमत मिलने पर आरोपी चोरी के सामान को राहगीरों को भी बेच देते थे। आरोपियों से गहने खरीदने वाले सुनार के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। अगर उसकी मामले में सीधी संलिप्तता मिली तो पुलिस सुनार को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page