top of page

ग्रेटर नोएडा में अखिलेश यादव बोले-यूपी में हर गैरकानूनी काम में भाजपाइयों का हाथ

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 10 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

बिसरख गांव में स्वर्गीय जगत सिंह भाटी ग्रामीण टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए



नोएडा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय जगत सिंह भाटी ग्रामीण टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि जितने भी गैर कानूनी काम उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं सब बीजेपी के लोग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर दूसरे लोग कुछ करते हैं तो बुलडोजर चलाया जाता है.

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जब से कफ सिरप वाला मामला आया है, बुलडोजर का ड्राइवर चाबी लेकर बुलडोजर छोड़कर भाग गया है, अब मुख्यमंत्री के पास ना ड्राइवर है ना ही चाबी है. उन्होंने कहा कि पहले बुलडोजर से न्याय मिलता था, अब बुलडोजर क्यों नहीं चल रहा है? उन्होंने कहा कि बुलडोजर इसलिए नहीं चल रहा है क्योंकि कफ सिरप मामले में सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों के सजातीय लोग शामिल हैं.

घुसपैठ और बांग्लादेशियों पर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि कोई भी घुसपैठिया नहीं है. अगर भाजपा सरकार 11 साल बाद भी घुसपैठिए ढूंढे रहे हैं तो सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए. उन्होंने एसआईआर को लेकर भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि पीडीए वाले याद रखें कि अगर वोट नहीं बनेगा तो उनका आधार कार्ड गया, आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा. उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ रही. डॉलर का रेट बढ़ता जा रहा है, अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, उद्योग नहीं लग रहे हैं. फिल्म सिटी को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने तंज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कई कलाकार हैं, उन्हें फिल्म सिटी की क्या जरूरत. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हम और देश के लोग चाहते हैं कि बैलेट से वोट पड़े. उन्होंने कहा कि दुनिया के जितने विकसित देश हैं चाहे अमेरिका, जर्मनी, जापानी और अन्य देश सब बैलेट पेपर अपना रहे हैं, क्योंकि उनके देश में भी ईवीएम पर सवाल खड़े हुए हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष की सक्रियता से बीजेपी की नींद हराम है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने अपना वोट बनवा लिया, यह गलत है. उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार है उन्हीं के अधिकारी हैं. जनता सजग है और वे अपने अधिकार को लेकर संघर्ष कर रही है, इसलिए आम जनता अपना वोट बनवा रही है. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम, इंकलाब जिंदाबाद, जय हिंद का नारा देकर भगत सिंह, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस सहित देश के बड़े-बड़े क्रांतिकारियों ने आजादी दिलाई. इनको लेकर भाजपा हर जगह विवाद ढूंढती है, यह राष्ट्रवादी नहीं राष्ट्र विवाद पार्टी है.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page