top of page

गोवर्धन: कल्याणं करोति नेत्र संस्थान में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध शंखनाद

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 22 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

स्प्रिंग होप फाउण्डेशन दिल्ली की टीम ने आशाओं को दिया डाटा फीडिंग एप

गोवर्धन क्षेत्र की आशाओं को सी एम ओ ने किया प्रेरित



गोवर्धन। स्प्रिंग होप कैंसर फाउण्डेशन दिल्ली एवं कल्याणं करोति नेत्र संस्थान जचौंदा के संयुक्त तत्वावधान में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध अभियान जागरण से निवारण तक का शुभारंभ हुआ। इस दौरान आशा वर्कर को डाटा फीडिंग के लिए एक एप भी डाउनलोड कराया गया। विशेषज्ञों ने समाज से सर्वाइकल कैंसर को मिटाने के तौर तरीकों पर प्रजेंटेशन दिए। बीच बीच में आशाओं ने सवाल-जवाब भी किए।

वक्ताओं ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2030 तक सर्वाइकल कैंसर को खत्म करने का लक्ष रखा है। इसे जांचने के लिए विभिन्न श्रेणियों में निर्धारित जांच कराना एवं वैक्सीनेशन के प्रति महिलाओं को जागरूक करना जरूरी है। विशेषज्ञों ने आशाओं को सभी जरूरी जांच एवं वैक्सीनेशन की उम्र आदि की जानकारी दी। सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मथुरा के सीएमओ डॉ. राधा बल्लभ, एसीएमओ डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. बी. डी. गौतम, डॉ. भूदेव, संस्था महासचिव सुनील कुमार शर्मा एवं फाउण्डेशन के अतिथियों ने गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।

कार्यक्रम में फाउण्डेशन के आईटी हैड संदीप सिंह ने स्व निर्मित एप से डाटा फीडिंग के तौर तरीके बताए।

स्पीकर डा. निधि गुप्ता एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा, मेडिकल सोस्यल वैलफेयर आफीसर आफताब आलम शाह एम्स दिल्ली, रिटायर्ड शोभा कांडपाल, डायरेक्टर डा. सज्जन राज पुरोहित, प्रोजेक्ट डायरेक्टर डा. दिवाकर गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर डा. विजय बहादुर, शशांक जैन, मैनेजर विजय बहादुर आदि ने भी विचार रखे। कहा शरीर में यह 250 तरह से फैलता है। महिलाओं में फैलने वाले सर्वाइकल कैंसर के 90 फीसदी मामलों को केवल जागरूकता से रोका जा सकता है। कार्यक्रम में कम्युनिटी हैल्थ आफिसर जेबा खान, कृष्णा यादव, अंकित, ब्लाक प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर गोवर्धन रमाशंकर आदि ने प्रतिभाग किया। नेत्र संस्थान के गेट पर आशा बहनों का स्वागत दिलीप कुमार यादव एवं अमित सोनी ने किया।

कल्याणं करोति नेत्र संस्थान के निदेशक शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने संस्थान की नेत्र रोगियों से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में नेत्र संस्थान के पीताम्बर जोशी, राजकुमार वर्मा, राम सनेही, गौरव आदि का सहयोग रहा।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page