top of page

गाजियाबाद: मोदीनगर में तीन अवैध कॉलोनियां पर चला बुलडोजर

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 12 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल के निर्देश पर जोन-दो में चलाया गया यह ध्वस्तीकरण अभियान



गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को मोदीनगर और निवाड़ी क्षेत्रों में 26 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल के निर्देश पर जोन-दो में यह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। जोन-दो के प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध प्लाटिंग को रोकने के लिए की गई है। मोदीनगर के गांव बिसोखर में अंकुर नेहरा पुत्र संतोष नेहरा द्वारा खसरा संख्या-588, संतपुरा बिसोखर चामंड के पास लगभग 12 बीघा में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। यहां चिनाई कर सड़क पर मिट्टी भरी गई थी और बिजली के खंभे लगाए गए थे। जीडीए टीम ने कॉलोनी की सड़क, चारदीवारी और साइट आॅफिस को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके अतिरिक्त, ग्राम सादाबाद जखैवा, सहरावत फार्म वाली गली अबूपुर में योगेंद्र, अनिल पुत्रगण चमन सिंह और मनोज पुत्र मांगे राम व बबलू चौधरी द्वारा खसरा संख्या-239 में लगभग दस बीघा में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। सादाबाद जखैवा में ही अमित और हरीश पुत्रगण सुरेंद्र सिंह द्वारा खसरा संख्या-129 और 130 में लगभग चार बीघा में बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध कॉलोनी बनाई जा रही थी। इन दोनों कॉलोनियों पर भी बुलडोजर चलाया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। कॉलोनाइजरों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सख्ती के कारण उनका विरोध सफल नहीं हो सका और जीडीए टीम ने सफलतापूर्वक ध्वस्तीकरण पूरा किया। जोन प्रभारी ने बताया कि अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण का अभियान लगातार जारी रहेगा।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page