गाजियाबाद में बीएलओ ड्यूटी पर तैनात शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत
- Jantantra Live

- 6 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
परिजन बोले- काम के चलते तनाव में थे, शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
जनतंत्र लाइव न्यूज
.......................................
गाजियाबाद। वैशाली में बीएलओ ड्यूटी पर तैनात मोदीनगर निवासी 59 वर्षीय शिक्षक लाल मोहन की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों और शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक अधिकारियों के दबाव और लगातार तनाव के कारण उनकी मौत हुई है। घटना से नाराज डॉ. केएन मोदी साइंस एंड कॉमर्स इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने शनिवार को कॉलेज परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।

लाल मोहन मोदीनगर की नेहरू नगर कॉलोनी में पत्नी नीतू और बेटों निखिल व अखिल के साथ रहते थे। वह दिल्ली–मेरठ रोड स्थित डॉ. केएन मोदी साइंस एंड कॉमर्स इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान के शिक्षक थे।
तहसील प्रशासन ने उनकी ड्यूटी साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-1 स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल के बूथ संख्या 754 पर लगाई थी। परिजनों का कहना है कि मोदीनगर से वैशाली तक रोजाना आना-जाना उनके लिए बेहद मुश्किल था और इस वजह से वह काफी तनाव में रहते थे।
शुक्रवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें दवा देकर आराम करने को कहा, लेकिन देर रात उनके बेटे निखिल ने बताया कि पिता को अचानक तेज सीने में दर्द हुआ और उनकी मौत हो गई।

घटना के विरोध में कॉलेज के शिक्षकों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि मोदीनगर में रहने के बावजूद लाल मोहन की ड्यूटी साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगा दी गई थी और फॉर्म जमा करने को लेकर भी उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे तनाव बढ़ गया और उनकी मौत हो गई। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अजित सिंह शिक्षक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कार्यभार या दबाव के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया और कहा कि किसी भी बीएलओ पर अनावश्यक दबाव नहीं डाला जा रहा है। शिक्षक लाल मोहन का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।



टिप्पणियां