top of page

गाजियाबाद में पीड़ितों तक जल्द पहुंचने के लिए पुलिस को 4 नए पीआरवी वाहन मिले

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 16 दिस॰ 2025
  • 1 मिनट पठन

गाजियाबाद। आपातकालीन पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक लॉजिस्टिक की ओर से यूपी-112 परियोजना के द्वितीय चरण के तहत गाजियाबाद पुलिस को चार नए पीआरवी वाहन आवंटित किए गए हैं। इन नए वाहनों के शामिल होने से न केवल पुलिस का रिस्पांस टाइम बेहतर होगा, बल्कि संकट में फंसे पीड़ितों तक समय पर मदद पहुंचाना भी आसान हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन चारों नए पीआरवी वाहनों को जिले के विभिन्न थानों में तैनात किया गया है। कविनगर और मोदीनगर थाना क्षेत्र को एक-एक पीआरवी वाहन दिया गया है, जबकि भोजपुर थानाक्षेत्र को दो नए वाहन आवंटित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में आबादी और घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए वाहनों का वितरण किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। सभी चारों नए पीआरवी वाहनों को मंगलवार को पुलिस लाइन से एसीपी यूपी-112 द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर यूपी-112 से जुड़ा समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि नए वाहन आधुनिक संचार उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से लैस हैं, जिससे आपात कॉल मिलने पर पुलिस टीम तेजी से घटनास्थल तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि यूपी-112 के बेड़े में इन नए वाहनों के शामिल होने से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही सड़क हादसों, अपराध, महिलाओं की सुरक्षा और अन्य आपात स्थितियों में पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान की जा सकेगी। पुलिस का दावा है कि आने वाले समय में यूपी- 112 की सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी, जिससे आम जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर और बढ़ेगा।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page