गाजियाबाद में ग्रैप-4 उल्लंघन पर 48 निर्माण स्थलों पर 1.49 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा
- Jantantra Live

- 16 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर प्रदूषण के संकट से जूझ रहा है, जो कि लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। फिलहाल दिल्ली एनसीआर एक्यूआई 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। उधर बढ़ते प्रदूषण को लेकर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) की तरफ से प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की तरफ से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का चौथा चरण लागू है। इसके नियमों का उल्लंघन करने पर यूपीपीसीबी की तरफ से कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली एनसीआर में सभी प्रकार की कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन एक्टिविटीज पर रोक लगाई गई है। इसी कड़ी में यूपीपीसीबी की ओर से नियमों का उल्लंघन कर कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन एक्टिविटीज करने पर 48 साइट्स पर कार्रवाई की गई है। इन पर कुल 1.49 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यूपीपीसीबी द्वारा ग्रेप अवधि के दौरान की गई छापेमारी में 33 औद्योगिक इकाइयां प्रदूषण फैलाती हुई पाई गई। जिसमें से 23 औद्योगिक इकाइयां अवैध रूप से संचालित हो रही थी। सभी अवैध रूप से संचालित हो रही इकाइयों को सील किया गया है। साथ ही 35 हॉट मिक्स प्लांट्स को भी सील किया गया है। वहीं 10 कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन साइट्स को बंद कराया गया। कई क्षेत्रों में अवैध फैक्ट्रियों का संचालन रात में किया जाता है। ऐसे में यूपीपीसीबी की टीम की तरफ से रात में छापेमारी की जा रही है। गाजियाबाद में लाल कुआं और लोनी तिराहे पर सबसे ज्यादा जाम लगता है। लंबे समय तक जाम के कारण यहां से प्रदूषण की समस्या सामने आ रही थी। ऐसे में लाल कुआं में 19 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और लोनी तिराहा पर 18 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। हाल ही में जिलाधिकारी ने गाजियाबाद के विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर प्रदूषण नियंत्रण को लेकर की जा रही कार्रवाई के संबंध में हर दिन यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। यूपीपीसीबी की ओर से गाजियाबाद में एक्यूआई स्टेशंस बढ़ाने की भी कवायद शुरू कर दी गई है। मौजूदा समय में गाजियाबाद में कुल चार एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन (इंदिरापुरम, वसुंधरा, लोनी और संजय नगर) हैं। अब 6 और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशंस लगाने करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत लोनी में दो अतिरिक्त मॉनिटरिंग स्टेशन, मोदीनगर में एक, खोड़ा में एक और गाजियाबाद शहरी क्षेत्र में दो एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से लगातार वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा लगाए गए ग्रेप के नियमों का सख्ती से पालन करने की कवायद की जा रही है। प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर जुमार्ना लगाया जा रहा है। रात में पेट्रोलिंग के लिए विशेष टीम बनाई गई है जो कि ऐसे तमाम क्षेत्रों में जाकर छापेमारी कर रही है, जहां रात में अवैध इकाइयां संचालित होती हैं।



टिप्पणियां