गाजियाबाद में 14 दिसंबर से पल्स पोलियो अभियान, जागरूकता रैली निकाली गई
- Jantantra Live

- 12 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
सीएमओ बोले-7 लाख से ज्यादा घरों पर दस्तक देंगी 2100 टीमें

गाजियाबाद। 14 दिसंबर से जिले में पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत होने जा रही है। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने पल्स पोलियो अभियान के तहत 5 साल की उम्र तक के 13 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा है। पल्स पोलियो अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को शहर में रैली का आयोजन किया गया। जिले में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए 1600 बूथ स्थापित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 12 वर्ष से गाजियाबाद में पोलियो का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। भले ही जिले में पोलियों का केस सामने नहीं आया है लेकिन इसके बावजूद पोलियो की रोकथाम को लेकर लगातार स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न अभियान संचालित किए जाते हैं। 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया गया था। वही गाजियाबाद में भी तब से अब तक पोलियो का कोई केस नहीं मिला है।
गाजियाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अखिलेश मोहन के मुताबिक, 14 दिसंबर 2025 से पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत हो रही है। पल्स पोलियो अभियान को धरातल पर उतारने के लिए 2100 टीमें में तैनात की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 5 साल से कम उम्र के कुल 13 लाख बच्चों को पोलियों की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। 7 लाख 32 हजार 143 घरों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दस्तक देगी और सुनिश्चित करेंगे कि घर में यदि 5 साल से कम उम्र का बच्चा मौजूद है तो उसे पोलियों की खुराक जरूर पिलाई जाए। जिले में 1600 बूथ स्थापित किए गए हैं।

सीएमओ के मुताबिक गाजियाबाद में कुल 734 हाई रिस्क एरिया है। हाई रिस्क एरिया में मोबाइल समय-समय पर पहुंचती है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के साथ भी समन्वय स्थापित कर कैंप लगाए जाएंगे। हमारा प्रयास है कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के सभी 5 साल से कम उम्र के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाई जाए। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित ना रह जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 161 ट्रांजिट टीमों की भी तैनाती की जाएगी। ट्रांसिटिव टीमें ऐसे तमाम क्षेत्रों में तैनात रहेंगी जहां पर भीड़भाड़ काफी अधिक रहती है। गाजियाबाद का पुराना बस अड्डा, कौशांबी बस स्टेशन, साहिबाबाद बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर ट्रांजिट टीमों की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अभियान शुरू होने के पश्चात अभियान की मॉनिटरिंग की जाएगी जिससे कि निर्धारित समय सीमा में अभियान को पूरा किया जा सके। बता दें, वित्तीय वर्ष 2024 25 में गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा कुल 13 लाख 25938 घरों का सर्वे किया गया था। इस अवधि में कुल 7 लाख 34 हजार 509 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई थी।



टिप्पणियां