गाजियाबाद: चोरी की कार से दिल्ली पुलिस के सिपाही ने मारी बुजुर्ग को टक्कर, गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 24 दिस॰ 2025
- 1 मिनट पठन

गाजियाबाद। लिंकरोड थानाक्षेत्र के सूर्यनगर निवासी जयप्रकाश सैनी को टहलते समय कार से टक्कर मारने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही दीपक निकला। उसकी तैनाती शाहदार थाने के साइबर सेल में है। 14 दिसंबर की सुबह बुजुर्ग को टक्कर मारकर वह भाग गया था। इलाज के दौरान 21 दिसंबर को घायल बुजुर्ग की मौत हो गई थी। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने गाड़ी ट्रेस कर बुधवार को आरोपी चालक सिपाही को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। वहीं जिस कार से हादसा हुआ वह कार भी चोरी की निकली है।
सूर्य नगर निवासी जय प्रकाश सैनी 14 दिसंबर की सुबह टहलने निकले थे। अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल बुजुर्ग को पुलिस ने एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया था। करीब दो-तीन घंटे बाद परिवार वाले जब ढूंढते हुए चौकी पहुंचे तब उन्हें हादसे का पता चला और उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल की पहचान की। इसके बाद बुजुर्ग के बेटे रजत सैनी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब खंगाली गई तब कार ट्रेस हुई। सर्विलांस टीम ने कार का पता लगाया तब सामने आया कि गाड़ी वर्ष 2022 में नोएडा से चोरी हुई थी। छानबीन में सामने आया कि गाड़ी दिल्ली पुलिस का सिपाही दीपक चला रहा था। पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि वह शाहदरा थाने के साइबर सेल में तैनात है। गाड़ी के बारे में पूछने पर उसने किसी से कार मांग कर लाने की बात बताई। एसीपी ने बताया कि बुधवार को कोर्ट में आरोपी को पेश किया गया।



टिप्पणियां