गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में झपटमारी करता दबोचा गया दिल्ली पुलिस का सिपाही
- Jantantra Live

- 16 दिस॰ 2025
- 1 मिनट पठन

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने महिला के साथ स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल करा कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
दरअसल 15 दिसंबर की रात एक महिला शालीमार गार्डन इलाके से निकल रही थी। इसी दौरान सौरभ चौधरी ने महिला के कुंडल छिनने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवार सौरभ चौधरी को पकड़ लिया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सौरभ चौधरी (31) हिरासत में ले लिया। आरोपी ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सौरभ ने बताया कि मैं दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रहता हूं। दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हूं। मेरे पिता दिल्ली पुलिस में थे। उनके देहांत के बाद मुझे पुलिस में नौकरी मिल गई। परिवार कलह के चलते मेरा और मेरी पत्नी से तलाक हो गया था, जिसके बाद में शराब का सेवन करने लगा। शालीमार गार्डन इलाके में किसी काम से आया था, तभी मेरी नजर एक महिला के कान के कुंडल पर पड़ी। मैं कुंडल छीन कर भाग रहा था, तभी मौजूद लोगों ने मुझे पकड़ लिया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया।



टिप्पणियां