top of page

गाजियाबाद के वसुंधरा में मेरो पहाड़-3 का भव्य आयोजन हुआ

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 21 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

गाजियाबाद। देवभूमि जनकल्याण समिति वसुंधरा की ओर से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम 'मेरो पहाड़-3' रविवार को रामलीला मैदान सेक्टर-7 वसुंधरा में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी परिवारों के साथ स्थानीय नागरिकों और सांस्कृतिक प्रेमियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरूआत पारंपरिक ढोल-दमाऊ की थाप और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से पहाड़ की परंपराओं, रीति-रिवाजों और लोकजीवन की जीवंत झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक प्रकाश काहला ने अपने चर्चित और सुपरहिट लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं प्रसिद्ध लोकगायिका मधु बंडोला की मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ ही पद्मश्री सम्मानित और उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि नेगी विधायक पटपड़गंज (दिल्ली) ने कहा कि 'मेरो पहाड़' जैसे आयोजन प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को लोकसंस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए देवभूमि जनकल्याण समिति को बधाई दी। कार्यक्रम में देवभूमि जनकल्याण समिति की कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से रमेश चंद्र कांडपाल, नवीन चंद्र फुलेरिया, सी.एस. पांडेय, आर.पी. घिल्डियाल, महेंद्र बनेशी, प्रकाश पंत और दीपक कुमार भट्ट सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर समिति की ओर से सभी कलाकारों, अतिथियों, कार्यकारिणी सदस्यों, सहयोगियों और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page