top of page

गाजियाबाद के मोदीनगर में एमएम डिग्री कॉलेज पर एबीवीपी का हंगामा

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 9 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

प्राचार्य के निलंबन की मांग पर धरना, नारेबाजी की



गाजियाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकतार्ओं ने मंगलवार को मोदीनगर के मुलतानीमल मोदी डिग्री कॉलेज में प्राचार्य के निलंबन की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। यह विरोध एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में प्राचार्य की संलिप्तता के आरोपों को लेकर किया गया।

लगभग 15 दिन पहले एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री चिरायु शर्मा के साथ मुलतानीमल मोदी डिग्री कॉलेज में मारपीट हुई थी। एबीवीपी का आरोप है कि यह घटना प्राचार्य के इशारे पर अंजाम दी गई थी। इस मामले में प्राचार्य सहित अन्य लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। एबीवीपी पदाधिकारियों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्राचार्य ने आपराधिक प्रवृत्ति के छात्रों को कॉलेज में दाखिला दिया है, जिससे कॉलेज का माहौल खराब हो रहा है। इसके अतिरिक्त, कॉलेज में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती में भी धांधली का आरोप लगाया गया है। इन्हीं आरोपों के चलते एबीवीपी प्राचार्य के निलंबन की मांग पर अड़ी हुई है। सुबह करीब 11 बजे एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और प्राचार्य तथा डॉ. केएन मोदी फाउंडेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान एक कुर्सी पर "भ्रष्टाचार प्राचार्य लापता" लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर कायम रहे। एबीवीपी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page