top of page

गाजियाबाद की सिहानी गेट पुलिस ने बड़ी चोरी का खुलासा

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 11 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

25 लाख के आभूषण-नकदी संग चार चोर गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल



गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना पुलिस ने एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, 63 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि यह चोरी 17 नवंबर 2025 को अशोक नगर में हुई थी। पीड़ित परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था और घर बंद था। इसी दौरान गिरोह ने ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से सक्रिय है। ये लोग बंद पड़े मकानों की पहले से रेकी करते थे। शाम के समय कॉलोनियों में घूमकर खाली घरों की पहचान करते थे। 11 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी चोरी के माल के साथ आरडीसी चौक और हर्बल गार्डन के पास आने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक कार को रोका और उसमें सवार दो आरोपी शिवम और विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शिवम और विशाल ने बताया कि चोरी उनके और दो अन्य साथियों ने मिलकर की थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्य इंद्रपाल और माला देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इंद्रपाल पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इन चारों आरोपियों को आदतन अपराधी बताया है,जो पहले भी कई बार चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर,63,000 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो चाकू,बैंक पासबुक और चोरी में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page