top of page

गाजियाबाद: अवैध निर्माण पर जीडीए का बड़ा एक्शन, प्राधिकरण टीम पर हमला

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 10 दिस॰ 2025
  • 1 मिनट पठन

राजेश यादव

-----------------

​गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के बाद प्राधिकरण की टीम ने प्रवर्तन जोन-8 के तहत इन्द्रप्रस्थ, लोनी क्षेत्र में अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के खिलाफ व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत की गई।

​अभियान के दौरान, एन.पी.-1 इन्द्रप्रस्थ योजना में स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर बनाए गए एक पांच मंजिला अवैध निर्माण को गिराने का प्रयास किया गया। इसी दौरान, रामेश्वर दयाल और दीप कुमार ने जेसीबी के सामने खड़े होकर जमकर हंगामा किया और प्राधिकरण के कर्मचारियों पर ईंट उठाकर मारने का प्रयास किया, जिससे ध्वस्तीकरण कार्रवाई में कुछ देर के लिए बाधा उत्पन्न हुई। घटना के बाद अवर अभियंता सचिन अग्रवाल ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना टीला मोड़ में तहरीर दी है।

​प्राधिकरण ने आम जनता को आगाह किया है कि इस भवन का मानचित्र फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से स्वीकृत कराया गया था और यह मात्र 65 दिनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए खड़ा किया गया है, जो स्थायित्व की दृष्टि से असुरक्षित है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि ऐसे असुरक्षित भवनों की खरीद-फरोख्त से बचें और खरीद से पहले मानचित्र को अवश्य सत्यापित कराएं।

​इसके अतिरिक्त, डी-237 इन्द्रप्रस्थ योजना में अवैध दुकानों के शटर तोड़े गए और लोनी क्षेत्र के खानपुर जप्ती में अवैध कॉलोनी पर भी ध्वस्तीकरण किया गया। विरोध के बावजूद, प्राधिकरण और पुलिस बल ने मिलकर सफलतापूर्वक कार्रवाई पूरी की।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page