उत्तर पूर्वी दिल्ली में जूडो कोर्ट के निर्माण का ऐलान
- Jantantra Live

- 22 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी: मनोज तिवारी

पूर्वी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के दिलशाद गार्डन स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित प्रथम मेमोरियल ओपन जूडो चैंपियनशिप के समापन अवसर पर क्षेत्र में जल्द ही जूडो खिलाड़ियों के लिए एक विशेष जूडो कोर्ट बनाए जाने की घोषणा की गई। यह घोषणा उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने की।
यह जूडो चैंपियनशिप सांसद मनोज तिवारी द्वारा 'फिट युवा विकसित भारत' अभियान के तहत आयोजित सासद खेल महोत्सव का हिस्सा थी प्रतियोगिता में न केवल दिल्ली बल्कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से आए बच्चों और युवा खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों की भागीदारी के कारण यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर का बन गया। समापन समारोह में सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की क्षमता प्रदान करते हैं। फिट युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव होते हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है यहां के बच्चे और युवा कठिन परिस्थितियों के बावजूद शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्षद बीएस पवार इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बताया की क्षेत्र में जल्द ही जूडो खिलाड़ियों के लिए एक समर्पित जूडो कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली को अक्सर पिछड़ा हुआ क्षेत्र समझा जाता रहा है, लेकिन आज यहां के युवाओं में खेलों के प्रति जो उत्साह और जुनून दिखाई दे रहा है, वह इस सोच को पूरी तरह बदलने वाला है। जरूरत सिर्फ सही मंच, संसाधन और मार्गदर्शन की है।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रशिक्षक, अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। बाहर से आए खिलाड़ियों और उनके कोचों ने भी आयोजन की सराहना की और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। कुल मिलाकर खेल महोत्सव के तहत आयोजित यह जूडो चैंपियनशिप और जूडो कोर्ट की प्रस्तावित घोषणा उत्तर पूर्वी दिल्ली को खेलों के एक नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



टिप्पणियां