top of page

हाथरस में बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी मां, मौत

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 7 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

हार्ट अटैक से दोनों की मौत, एक साथ उठी अर्थी



हाथरस: कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव शेरपुर में हार्ट अटैक से एक प्रॉपर्टी डीलर और उनकी मां की मौत का मामला सामने आया है. राजकुमार पुत्र नत्थीलाल गांव में ही रहते थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे. मंगलवार की शाम अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

बेटे का शव देख मां को लगा सदमा: रात करीब 8 बजे जब परिजन राजकुमार का शव लेकर घर पहुंचे, तो उनकी मां राजमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अपने जवान बेटे का बेजान शरीर देख मां का दिल दहल गया और वह फूट-फूट कर रोने लगीं. सांत्वना देने के दौरान ही अचानक राजमती देवी की भी तबीयत बिगड़ने लगी और उनके सीने में भी असहनीय दर्द उठा. परिजन उन्हें भी तत्काल अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी प्राण त्याग दिए.

दो घंटे के भीतर मां-बेटे का अंत: परिवार के लोग जब मां का शव लेकर घर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर हर किसी की रूह कांप गई. घर में मां और बेटे के शवों को अगल-बगल रखा गया, जिसे देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं. राजकुमार के पीछे उनके दो बेटे यश कुमार और शिवम कुमार रह गए हैं, जो क्रमशः 12वीं और 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं. रिश्तेदारों के मुताबिक, मां और बेटे की मौत महज दो घंटे के अंतराल में 'साइलेंट अटैक' की वजह से हुई है.

एक साथ निकली दो अर्थियां: बुधवार को जब घर से मां और बेटे की अर्थी एक साथ निकली, तो पूरे गांव में मातम छा गया. श्मशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया, जिसे देख हर किसी का दिल पसीज गया. सादाबाद क्षेत्र में लोग राजकुमार और उनकी मां को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page