top of page

सीएम योगी ने कहा- भीषण शीतलहर से हर जरूरतमंद और गरीबों को बचाने के लिए सरकार तैयार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 28 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में रैन बसेरों, निर्माणधीन एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी का निरीक्षण किया



गोरखपुर। रविवार को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम, महानगर में दो रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भीषण शीतलहर से गरीबों और हर जरूरतमंद को बचाने के लिए सरकार संवेदनशील है। किसी को कोई भी दिक्कत न हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि लोगों को भीषण शीतलहर से बचाने के लिए कंबल व ऊनी वस्त्र वितरण, रैन बसेरों के संचालन और अलाव की व्यवस्था करने के प्रदेश के सभी जिलों में पर्याप्त धनराशि जारी की गई है। भीषण शीतलहर में, आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बंद करने और अवकाश घोषित करने के लिए जिलाधिकारियों को कहा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुत आवश्यक हो, तो वर्चुअल माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था की जाये। मुख्यमंत्री ने टीपीनगर के पास और धर्मशाला बाजार स्थित बने रैन बसेरे का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल की। सीएम ने रैन बसेरों में ठहरे सभी लोगों हाल जानने के लिए उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से जरूरतमंदों में कंबल और भोजन बांटा और कहा कि सरकार उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को निर्माणधीन एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी का निरीक्षण किया। इस दौरान योगी ने कहा कि एनसीसी ट्रेनिंग एकेडमी गोरखपुर सहित समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए नया गौरव होगा। इसके निर्माण कार्य में तेजी लाकर लक्षित समय में इसे पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाये। साथ ही निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने एकेडमी के मॉडल और ड्राइंग मैप का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी की। निमार्णाधीन भवन का भ्रमण कर भौतिक प्रगति का भी जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने हॉस्टल, स्टाफ आवास, मेस के निर्माण को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निर्माण करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वे इसका आवधिक पर्यवेक्षण करते रहें।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page