top of page

वाराणसी में जापानी पर्यटकों के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 28 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

पेशाब करने की अफवाह पर गंगा स्नान से रोका, तो हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे

वाराणसी : दशाश्वमेध घाट पर जापानी पर्यटकों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. घटना 25 दिसंबर की है. पर्यटक क्रिसमस वाली टोपी पहनकर पहुंचे थे. इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें बुरा-भला कहा. विदेशी युवक हाथ जोड़ता रहा. इसके बावजूद लोग उसे डांटते-फटकारते रहे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बीते 25 दिसंबर को कुछ जापानी पर्यटक दशाश्वमेघ घाट पर पहुंचे थे. इनमें कुछ महिलाएं भी थीं. युवक और एक युवती ने क्रिसमस हैट लगा रखा था. इस दौरान घाट पर मौजूद लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया. भीड़ में शामिल लोग उन्हें घाट से भगाने की कोशिश करने लगे.

कुछ लोग पर्यटकों पर चिल्लाने लगे. विदेशी युवक ने लोगों के सामने हाथ जोड़ लिए. इसके बावजूद लोग उसे डांटते रहे. किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया था. इसके जरिए यह मामला पुलिस तक पहुंचा. घटना की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस के अनुसार किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत नहीं की है.

एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है. जांच के लिए लोकल टीम को भेजा गया है. दो पक्षों में किसी बात को लेकर गलतफहमी हो गई थी. बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से माफी मांग ली थी. विवाद किस बात का था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. जांच में कुछ तथ्य सामने आते हैं तो कार्रवाई की जाएगी.

समाजवादी पार्टी ने उठाए सवाल : समाजवादी पार्टी की सोशल मीडिया सेल ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर घटना को लेकर सवाल उठाए हैं. लिखा है कि ‘विश्व गुरु? अच्छे दिन? अतिथि देवो भवः? वाराणसी में जापानी पर्यटकों के साथ अभद्रता, मारपीट का प्रयास, जापानी पर्यटक सांता क्लॉज के पहनावे में गंगा किनारे बैठे थे, तभी अचानक उपद्रवियों ने उपद्रव किया. ये है भाजपा सरकार के दुष्परिणाम'.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page