top of page

यूपी में 'एक परिवार एक पहचान' योजना

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 2 जन॰
  • 2 मिनट पठन

मुख्य सचिव बोले- DBT योजना के लाभार्थियों को 'फैमिली आईडी' से जोड़ें



लखनऊ : 'फैमिली आईडी -एक परिवार एक पहचान' योजना की प्रगति के संबंध में शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना से सम्बन्धित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव मौजूद रहे. इस दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभार्थियों को फैमिली आईडी से आच्छादित किया जाएगा. उन्होंने फैमिली आईडी डाटाबेस के इंटीग्रेशन को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को इस डाटाबेस से लिंक किया जाए तथा निर्धारित अंतराल पर डाटा साझा किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की योजनाओं से आच्छादित प्रदेश के लाभार्थियों का डाटा प्राप्त करने के लिये सम्बन्धित विभागों की ओर से मुख्य सचिव कार्यालय के माध्यम से केंद्र सरकार के मंत्रालयों एवं विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए. इसके उपरांत इस डाटा को फैमिली आईडी डाटाबेस से इंटीग्रेट भी किया जाए.

उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी डाटाबेस के आधार पर विभिन्न योजनाओं के लिए संभावित लाभार्थियों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाए.

बैठक में प्रमुख सचिव नियोजन ने फैमिली आईडी योजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें विभाग-वार फैमिली आईडी लिंकेज की प्रगति से अवगत कराया. फैमिली आईडी से परिवार के पात्र सभी सदस्यों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से दिये जाने के महत्व को रेखांकित किया.

बैठक में फैमिली ई-पासबुक को भी प्रदर्शित किया गया. इस पासबुक में आमजनमानस द्वारा अपने परिवार/सदस्यों द्वारा प्राप्त की जा रही सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी सहजता से देखी जा सकती है. साथ ही ई-पासबुक के माध्यम से फैमिली आईडी डाटाबेस के आधार पर उन योजनाओं/सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है, जिनके लिये वह पात्र हैं.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page