top of page

मेरठ में 4 लाख की रिश्वत लेते इंस्पेक्टर गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 24 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

2 आरोपियों के नाम मुकदमे से निकालने के लिए मांगे थे रुपये



मेरठ : एंटी करप्शन की टीम ने क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर को 4 लाख की रिश्वत लेते दबोच लिया. टीम ने यह कार्रवाई बुधवार को की. आरोपी इंस्पेक्टर हापुड़ जिले में तैनात है. उसने हत्या के 2 आरोपियों के नाम मुकदमे से निकालने के लिए रुपये मांगे थे. रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी दी थी.

बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के गोटखा गांव के रहने वाले लोकेश बैसला ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी. आरोप लगाया कि उन्होंने साल 2021 में गांव के ही रिछपाल से 2 बीघा जमीन खरीदी थी. कुछ दिन बाद अचानक रिछपाल का शव गांव के बाहर मिला था. परिवार ने हत्या का आरोप लगाया था.

इंस्पेक्टर कर रहा था मामले की जांच : इस मामले में रिछपाल के परिजनों ने धारा सिंह, मनोज व अजय पाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. ये लोग लोकेश बैसला के परिवार से ही हैं. कुछ दिन बाद यह मामला हापुड़ ट्रांसफर कर दिया गया था. इस मामले की जांच हापुड़ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र कर रहे थे.

युवक ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर महेंद्र बार-बार अजय पाल और मनोज का नाम मुकदमे से निकालने का लालच दे रहे थे. इसके लिए वह 4 लाख मांग रहे थे. रुपये न देने पर जेल भेजने की धमकी दे रहे थे. इससे परेशान होकर एंटी करप्शन की टीम से शिकायत की.

टीम ने नोटों पर लगाए थे केमिकल : एंटी करप्शन की टीम ने इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया. बुधवार को युवक ने मेरठ में जैसे ही मांगी गई पूरी रकम इंस्पेक्टर के हाथ में दी, इस दौरान एंटी करप्शन की टीम ने इंस्पेक्टर को दबोच लिया. दिए गए नोट की पहचान टीम ने पहले ही कर ली थी. उस पर केमिकल भी लगा दिया था.

एसएसपी डॉक्टर विपिन ताड़ा ने बताया कि आरोपी इंस्पेक्टर हापुड़ में तैनात है. उस पर एक युवक ने आरोप लगाते हुए एंटी करप्शन की टीम से शिकायत की थी. इसके बाद उसे रंगे हाथ पकड़ा गया. जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है. गलत काम करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page