top of page

मेरठ: मां की हत्या कर बेटी को जबरन उठा ले गया दबंग

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 9 जन॰
  • 2 मिनट पठन

सरधना की घटना, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित



मेरठ: सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में दलित महिला की हत्या कर दी गई. उसकी 20 वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया गया है. घटना के बाद से गांव में तनाव है. वहीं, 24 घंटे बाद भी युवती की बरामदगी न होने से लोगों में आक्रोश है. इस घटना ने राजनैतिक रंग ले लिया है. सपा नेताओं और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से बुलडोजर एक्शन की मांग की है. वहीं, पुलिस अधीक्षक ने 200 पुलिसकर्मियों की 10 टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

मृत महिला के बेटे मनदीप ने बताया कि रोजाना की तरह उनकी मां सुनीता और बहन रूबी जंगल की तरफ जा रही थीं. तभी गांव का ही रहने वाला पारस सोम वहां पहुंचा और बहन को किडनैप करने लगा. मां जब इसका विरोध किया तो उसने धारदार हथियार से मां पर हमला कर दिया. तब तब हम लोग भी पीछे से पहुंचे. मनदीप ने बताया कि पारस के हाथ में पिस्टल भी थी. वह गालियां देता हुआ गन्ने के खेतों से बहन का अपहरण करके भाग निकला. हमने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस की तरफ से सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है. मनदीप ने बताया कि हमें बस इतना बताया गया कि मेरी घायल मां की मौत हो चुकी है.

बता दें कि घटना की वजह से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. महिला के पोस्टमार्टम के समय लोगों की भीड़ लगी रही. कुछ लोगों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ भी की है. हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की है.

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि सरधना की घटना में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की गई हैं. हम आरोपियों की गिरफ्तारी और युवती को सकुशल बरामद करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं. डॉ. ताड़ा ने बताया कि अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही गांव के रहने वाले. आरोपी युवक और युवती की पहले से ही जान पहचान रही है. वारदात में घायल महिला की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है. उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. वीडियोग्राफी भी कराई गई है. पुलिस प्रशासन पीड़ित परिवार के लगातार संपर्क में है. उनकी हर संभव मदद की जा रही है. स्थिति अभी नियंत्रण में है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी की जाएगी.

वारदात के बाद गरमाई राजनीति: सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है. प्रधान ने कहा कि सरकार अब आरोपियों पर बुलडोजर क्यों नहीं चलवा रही है. हस्तिनापुर से पूर्व सपा विधायक योगेश वर्मा ने भी बुलडोजर एक्शन की मांग की है. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर सरकार बुलडोजर चला देती है. अब दलित के साथ अत्याचार पर भी बुलडोजर चलना चाहिए. भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीव पाल ने कहा कि परिवार को सुरक्षा दी जाए. शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए. जो भी सरकारी लाभ मिल सकते हैं, वह पीड़ित परिवार को मिलने चाहिए. बीजेपी नेता और मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह मेरठ में ही हैं. उन्होंने अधिकारियों को इस घटना में सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page