top of page

मन करता है मंत्री को मंच से नीचे फेंक दूं...

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 17 जन॰
  • 2 मिनट पठन

चीफ गेस्ट नहीं बनाने पर भड़के सपा सांसद सनातन पांडेय, कहा, जो अधिकारी काम नहीं करेगा वह जूता खायेगा. मुकदमा करना है, तो कर दो.



बलिया : रेलवे प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नहीं बनाये जाने सपा सांसद सनातन पांडेय भड़क गए. उन्होंने यूपी सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु को खुले मंच से धमकी देते हुए कहा, बुढ़ा हूं मगर मन का बुढ़ नहीं. मन करता है जाकर मंत्री को मंच से उठा कर फेंक दूं. अधिकारियों को भी धमकाते हुए कहा, जो अधिकारी काम नहीं करेगा वह जूता खायेगा. मुकदमा करना है, तो कर दो मैं झेलने को तैयार हूं. बलिया जिले के फेफना रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसमें उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा दयालु चीफ गेस्ट थे. हालांकि, उन्होंने कुछ जरूरी परिस्थितियों का हवाला देते हुए अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया. वहीं पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे और बीजेपी से राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा, रेलवे का कोई बड़ा कार्यक्रम आएगा तो उसका मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद ही होगा. ये महज एक ठहराव था और रेल मंत्री द्वारा आयुष मंत्री को पत्र आया था. इसलिए उन्हें मुख्य अतिथि बनाया गया.

कार्यक्रम के दौरान सपा सांसद सनातन पांडेय ने कहा, उत्सर्ग और गोंदिया एक्सप्रेस के ठहराव के लिए आंदोलन हुआ था, मैं भी आंदोलन में गया था. आज दोनों ट्रेनों का ठहराव हो रहा है. अगर केंद्र सरकार किसी भी राज्य में कोई परियोजना शुरू करती है, तो उस क्षेत्र का सांसद ही चीफ गेस्ट होता है, चाहें वह विपक्षी दल का ही क्यों न हो. आज इस सरकार ने एक बार फिर अपना असली रंग दिखा दिया है.

उन्होंने कहा, मेरा मन करता है कि मैं उस कार्यक्रम में जाऊं और मंत्री को उठाकर फेंक दूं. लोग कहते हैं कि मैं हमेशा झगड़े मोल लेता हूं. अधिकारी काम नहीं करेंगे तो जूता नहीं खाएंगे? करो मुकदमा, जितना करना हो, मैं झेलने के लिए तैयार हूं. लेकिन मैं सरकार और उसके नुमाइंदों के सामने झुकने को तैयार नहीं हूं. सांसद ने कहा कि उन्होंने गोरखपुर में रेलवे के जनरल मैनेजर को फोन किया और उनसे कहा, आपको मुझे कानून दिखाना होगा, आपको वह आदेश दिखाना होगा जिसके अधिकार के तहत आपने उत्तर प्रदेश के मंत्री को चीफ गेस्ट बनाया है. अगर नहीं दिखाते हैं, तो आप से दो-दो हाथ करने को तैयार हूं. इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर ने कहा कि यह कार्यक्रम ट्रेन के ठहराव से संबंधित था. रेलवे मंत्री के लेटर के अनुसार उत्तर प्रदेश के मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु को चीफ गेस्ट बनाया गया था. रेलवे का कोई कार्यक्रम आएगा तो उसके मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद ही होंगे.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page