top of page

मजहब बना दीवार; प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर, फिर दोनों ने किया सुसाइड

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 17 जन॰
  • 3 मिनट पठन

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रेमी प्रेमिका ने शादी की और फिर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. दोनों बचपन से एक दूसरे से प्यार करते थे. धर्म अलग होने के कारण दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे. शनिवार सुबह घर के सामने बने बाड़े में दोनों के शव मिले. युवती की मांग में सिंदूर और पैर में बिछिया थीं. आत्महत्या करने वाली लड़की हिंदू और लड़का मुस्लिम था.

बचपन की दोस्ती प्यार में बदली: चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के पट्टी कुम्हर्रा निवासी मुस्कान (18 वर्ष) हरिश्चंद और उसी गांव का निवासी रियाजुल खान (23 वर्ष) राज मोहम्मद ने बचपन से चली आ रही दोस्ती को प्यार में बदलने और शादी न हो पाने के कारण आत्महत्या कर ली. मुस्कान के झांसी में रहने वाले फूफा सुनील पाल ने बताया कि मुस्कान उनके साले हरिश्चंद की बेटी थी. उनके साले के तीन बेटियां है, जिसमें मुस्कान सबसे बड़ी बेटी थी.

मुस्कान के पास नहीं था मोबाइल: उसके पास कोई मोबाइल भी नहीं था. बात करनी होती थी तो वह अपने पिता के कीपैड वाले फोन से बात किया करती थी. दो महीने पहले उसका रिश्ता टहरौली में तय कर दिया था और मार्च में उसकी शादी की होने वाली थी. सुबह उनको सूचना मिली कि मुस्कान और गांव के राज मोहम्मद के लड़के रियाजुल खान ने आत्महत्या कर ली.

मांग में सिंदूर और पैरों बिछिया थीं: पेड़ की कुछ दूरी पर दोनों की चप्पलें उतरी हुई थी. जब पुलिस ने शव को उतारा तक मुस्कान की मांग में सिंदूर और पैरों बिछिया थीं. पिता ने बताया कि रियाजुल खान के पिता राज मोहम्मद अपनी ससुराल में घर बनाकर काफी समय से रहते है. उनका और हमारे परिवार एक दूसरे के यहां आना जाना है. बेटी मुस्कान और रियाजुल बचपन से ही एक दूसरे के साथ खेला करते थे. अब भी दोनों एक दूसरे के घर आते थे, लेकिन परिवार में किसी को भी उनके रिश्ते की भनक तक नहीं लगी.

रियाजुल खान डीजे चलाता था: बड़े भाई कादिर ने बताया कि उनका छोटा भाई रियाजुल खान और मुस्कान के रिश्ते के बारे कोई जानकारी नहीं थी. रियाजुल खान डीजे संभालता था और गैराज में ही सोता था. चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि मुस्कान और रियाजुल के बीच प्रेम प्रसंग था. दोनों एक दूसरे से अलग-अलग धर्म के थे. शनिवार सुबह मुस्कान के परिजनों ने दोनों के सुसाइड की जानकारी दी. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

रियाजुल खान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया: झांसी मेडिकल कॉलेज में शाम चार बजे प्रेमिका मुस्कान और प्रेमी रियाजुल खान का पोस्टमार्टम किया गया. इसके बाद दोनों के परिजन एक साथ शवों को लेकर मेडिकल कॉलेज से रवाना हुए. प्रेमी रियाजुल खान को चिरगांव थाना क्षेत्र के पट्टी कुम्हर्रा के पास स्थित कब्रिस्तान में देर शाम सुपुर्दे खाक किया गया. वहीं झांसी के थाना बड़ा गांव के श्मशान घाट पर मुस्कान का अंतिम संस्कार किया गया. वहां उसके रिश्तेदार रहते है.

मुस्कान का अंतिम संस्कार सुहागिन की तरह हुआ: हिंदू धर्म के मुताबिक अविवाहित की मौत के बाद उसकी पानी में बहा कर अंतिम संस्कार किया जाता है. लेकिन मुस्कान और प्रेमी रियाजुल खान के जब शव मिले, तो मुस्कान की मांग में सिंदूर और पैरों में बिछिया थे. परिजनों ने मान लिया कि आत्महत्या से पहले दोनों ने शादी की रस्म को निभाया और उसके बाद आत्महत्या जैसा कदम उठाया. इसलिए परिजनों ने मुस्कान का अंतिम संस्कार सुहागिन की तरह किया.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page